IND vs NZ 1st T20: भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले अश्विन ने टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग XI चुनी। उनकी टीम में कुलदीप यादव को जगह नहीं मिली हैं। जानिए टीम में कौन खिलाड़ी हुआ अंदर, कौन बाहर।
IND vs NZ 1st ODI Possible Playing XI: पांच मैचों की T20I सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम अब वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड का सामना करने के लिए तैयार है। भारत की कोशिश इस सीरीज में भी अपना दबदबा बनाए रखने की होगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया ने हाल ही में न्यूजीलैंड को T20I सीरीज में 3-2 से हराया था। अब बुधवार 4 नवंबर से ऑकलैंड में पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो रही है।
इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मैदान पर वापसी होगी। दोनों टीमों के लिए यह सीरीज 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले अपनी तैयारियों और टीम कॉम्बिनेशन को परखने का अच्छा मौका है। पहले वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने अपनी पसंद की टीम बताई है। उन्होंने अपनी टीम में तीन ऑलराउंडरों को जगह दी है। वहीं, मुख्य स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर अक्षर पटेल को चुना है।
रविचंद्रन अश्विन ने चुनी भारत की संभावित प्लेइंग XI
रविचंद्रन अश्विन ने अपने कार्यक्रम 'अश की बात' में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन पर चर्चा की। उन्होंने शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को शुरुआती 4 बल्लेबाजों के रूप में चुना।
इसके बाद केएल राहुल, नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया। अश्विन ने अक्षर पटेल को भी अपनी टीम में जगह दी। तेज गेंदबाजों के रूप में उन्होंने अर्शदीप सिंह, नबी और अंशुल को चुने जाने की संभावना जताई।
अश्विन ने कहा, "शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल और फिर तीन तेज गेंदबाज। शायद अर्शदीप, नबी और अंशुल।"
कुलदीप यादव को प्लेइंग XI से क्यों रखा बाहर
अश्विन की संभावित टीम में कुलदीप यादव को जगह नहीं मिली है। उनका मानना है कि अगर नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल तीनों खेलते हैं, तो कुलदीप को बाहर बैठना पड़ सकता है।
अश्विन ने कहा, “अगर नमन, नीतीश और अक्षर खेलते हैं, तो कुलदीप बाहर रहेंगे। वैसे भी मुझे लगता है कि उन्हें बाहर ही बैठना पड़ेगा, क्योंकि टीम इन तीनों के साथ ही जाएगी।”
उन्होंने तेज गेंदबाजी के विकल्पों पर भी अपनी राय रखी। अश्विन के मुताबिक, अंशुल, नबी और गुरनूर में से किसी दो गेंदबाजों को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है।
T20I सीरीज में कुलदीप यादव को नहीं मिला एक भी मैच
हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खत्म हुई पांच मैचों की T20I सीरीज में भारतीय टीम के चयन को लेकर सवाल उठे थे। भारत ने यह सीरीज 3-2 से जीती, लेकिन रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
इस दौरान भारतीय गेंदबाजों ने कई मुकाबलों में काफी रन भी खर्च किए। ऐसे में कुलदीप को लगातार बेंच पर बैठाए रखने के फैसले की आलोचना हुई।
भारत के पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर वेंकटपति राजू ने भी कुलदीप को मौका नहीं दिए जाने पर हैरानी जताई। उन्होंने टीम मैनेजमेंट से अपील की कि अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले कुलदीप को ज्यादा से ज्यादा मैच खेलने का अवसर दिया जाए।
वेंकटपति राजू ने कुलदीप को मौका न देने पर जताई हैरानी
वेंकटपति राजू ने कहा कि जब कुलदीप को टीम में शामिल किया गया है, तो उन्हें खेलने का मौका भी मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा, “यह हैरानी की बात है। हम सभी पूर्व क्रिकेटर हैं, जो यहां बैठे हैं। हम कमेंट्री करते हैं और फिर आपस में बातचीत भी करते हैं। जब आपने कुलदीप को टीम में शामिल किया है, तो आप उसे खिला क्यों नहीं रहे हैं?”
राजू के मुताबिक, व्हाइट बॉल क्रिकेट में रिस्ट स्पिनर की भूमिका काफी अहम होती है। उन्होंने कहा कि कुलदीप तीनों फॉर्मेट की टीम में शामिल हैं, लेकिन उन्हें लगातार बेंच पर बैठाना हैरानी भरा है।
अगर टीम मैनेजमेंट उन्हें नहीं खिलाना चाहता, तो उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए भेज देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, "हम सभी जानते हैं कि व्हाइट-बॉल क्रिकेट में रिस्ट स्पिनर कितने काम के होते हैं।
जब वह तीनों फॉर्मेट की टीम में है, लेकिन बेंच पर बैठा है, तो यह काफी हैरानी की बात है। वेंकटपति राजू ने ये बातें सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क की ओर से आयोजित एक वर्चुअल बातचीत के दौरान कहीं।