IND vs PAK: ब्लाइंड एशिया कप 2026 का फाइनल में पाकिस्तान को जबरन विजेता बना दिया गया। अब पाकिस्तानी अंपायर के विवादित जश्न का वीडियो वायरल होने पर भारत भड़क उठा है।
Blind Asia Cup 2026 Final Controversy: क्रिकेट के मैदान पर पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। ताजा मामला बांग्लादेश के ढाका में हुए मेन्स ब्लाइंड एशिया कप 2026 (Men's Asia Cup for the Blind) से जुड़ा है, जहां पाकिस्तान ने पहले नियमों को ताक पर रखकर बिना फाइनल खेले ट्रॉफी पर कब्जा जमाया और फिर पाकिस्तानी अंपायर ने खिलाड़ियों के साथ मिलकर ऐसा शर्मनाक इशारा किया कि पूरा भारत भड़क उठा है। इस पूरी घटना के बाद क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) ने न सिर्फ ट्रॉफी समारोह का बहिष्कार किया, बल्कि भविष्य में पाकिस्तान के खिलाफ कोई भी मैच न खेलने की कड़ी चेतावनी भी दे डाली है।
अंपायर की बेशर्मी, 'फाइटर जेट क्रैश' का इशारा कर मनाया जश्न
विवाद तब और गहरा गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया। इस वीडियो में टूर्नामेंट में अंपायरिंग करने वाला एक पाकिस्तानी अंपायर अपनी टीम के खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाता दिख रहा है। वीडियो में अंपायर और खिलाड़ी हाथों से फाइटर जेट क्रैश (विमान गिरने) जैसा इशारा करते नजर आ रहे हैं। इस हरकत ने सितंबर 2025 के एशिया कप की यादें ताजा कर दी हैं, जब दुबई में भारत के खिलाफ मैच के दौरान पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भी इसी तरह विमान गिरने और छह उंगलियां दिखाने का विवादित इशारा किया था।
भारतीय बोर्ड का सवाल
CABI ने इस वीडियो पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस अंपायर ने पूरे टूर्नामेंट में फैसले सुनाए, वो एक टीम के साथ मिलकर जश्न कैसे मना सकता है? नियमों के मुताबिक अंपायर को हमेशा निष्पक्ष रहना चाहिए।
बिना फाइनल खेले पाकिस्तान कैसे बना चैंपियन?
ढाका में भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया और एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। नियम के अनुसार, जब फाइनल के लिए कोई रिजर्व डे (अतिरिक्त दिन) नहीं होता, तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता (Joint Winners) घोषित किया जाता है। तकनीकी कमेटी ने भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता बनाने की सिफारिश की थी। नियमों के मुताबिक, फाइनल मैच में नेट रन रेट (NRR) का फॉर्मूला लागू नहीं होता है।
पाकिस्तान ने क्या खेल किया?
वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) के अध्यक्ष सुलतान शाह (जो खुद पाकिस्तानी बोर्ड के भी प्रमुख हैं) ने तकनीकी कमेटी का फैसला पलट दिया। मैच रेफरी पर दबाव डालकर बेहतर रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को अकेला चैंपियन घोषित करवा दिया गया।
जब मैदान पर नहीं जीत पाते, तो ऐसी चालें चलते हैं- CABI
इस खुली बेईमानी पर CABI के सचिव शैलेंद्र ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने साफ कहा कि पाकिस्तान ने अपने पद और रसूख का गलत इस्तेमाल करके जबरन खुद को विजेता घोषित किया है। जब वे मैदान पर भारत को हराने का दम नहीं रखते, तो इस तरह की घटिया तरकीबें अपनाते हैं। बता दें कि भारत 2016 का डिफेंडिंग चैंपियन था। इस टूर्नामेंट में भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। लेकिन ट्रॉफी देने के इस एकतरफा फैसले और अंपायर के रवैये से नाराज भारतीय खिलाड़ियों ने अवॉर्ड सेरेमनी का पूरी तरह बहिष्कार किया।
















