Mohammed Siraj Controversy: मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर रखने पर इमरान मसूद ने भेदभाव का आरोप लगाया। रंजीत रंजन ने उन्हें फटकारा, जबकि गावस्कर-शास्त्री ने भी चयन पर सवाल उठाए।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखने का मामला विवादों में आ गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस फैसले पर धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया था। हालांकि, अब उनकी ही पार्टी की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने उनके बयान की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि राजनीति और खेल को अलग-अलग रखना चाहिए और खिलाड़ियों को राजनीतिक बहस में नहीं घसीटना चाहिए।
सिराज के चयन पर इमरान मसूद ने उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शुक्रवार को ANI से बातचीत में दावा किया था कि शानदार प्रदर्शन के बावजूद मोहम्मद सिराज को टीम में जगह नहीं दी गई। उन्होंने इसके पीछे सिराज के नाम को वजह बताते हुए कहा कि अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी किसी खिलाड़ी को नहीं चुना जाता, तो यह भेदभाव है। मसूद ने कहा कि शायद सिराज के नाम की वजह से उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया।
रंजीत रंजन ने कहा- खेल में राजनीति न करें
मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने उन्हें खेल में धर्म और राजनीति नहीं लाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेलों का अपना दायरा और खिलाड़ियों के चयन के अपने योग्यता मानक होते हैं। हर खिलाड़ी का अपना संघर्ष होता है। राजनीतिक दांव-पेच अपनी जगह हैं, लेकिन खेल और खिलाड़ियों को राजनीतिक बहस में शामिल करना सही नहीं है। रंजीत रंजन ने कहा कि उन्हें ऐसी राजनीति बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।
बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाया वोट बैंक की राजनीति का आरोप
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी मसूद के बयान पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कांग्रेस अब क्रिकेट टीम के चयन में भी वोट बैंक की राजनीति कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब रवींद्र जडेजा को भी टीम से बाहर रखा गया, तब इस तरह का आरोप क्यों नहीं लगाया गया। भंडारी ने कहा कि हर क्रिकेटर भारतीय जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करता है और टीम को सांप्रदायिक राजनीति के आधार पर बांटना बंद होना चाहिए।
मसूद ने शमी और सरफराज का भी किया जिक्र
- आलोचनाओं के बावजूद इमरान मसूद अपने आरोपों पर कायम रहे। शनिवार को उन्होंने मोहम्मद शमी और सरफराज खान का उदाहरण देते हुए कहा कि चयन प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए। अगर कोई खिलाड़ी अच्छा खेल रहा है, तो इससे फर्क नहीं पड़ना चाहिए कि वह कहां से आता है।
- AIMIM नेता वारिस पठान ने भी मसूद का समर्थन किया। उन्होंने सरफराज, शमी और सिराज का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि खिलाड़ियों का चयन प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर हो रहा है या उनके नाम के आधार पर।
गावस्कर-शास्त्री ने भी सिराज को बाहर रखने पर जताई हैरानी
क्रिकेट दिग्गज सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री ने भी सिराज को पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर सवाल उठाए। गावस्कर ने इस फैसले को हैरान करने वाला बताया, जबकि शास्त्री ने सिराज के अनुभव और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें टीम में शामिल करने की बात कही।
शुभमन गिल और कोटक ने किया टीम चयन का बचाव
- भारत इस मैच में जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज के रूप में 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरा। कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि टीम कॉम्बिनेशन चुनना मुश्किल था। सभी तेज गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे और सिराज के साथ गुरनूर का बाहर रहना भी कठिन फैसला था।
- बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने भी चयन का बचाव करते हुए कहा कि सिराज के साथ कोई समस्या नहीं है। टीम मैनेजमेंट को लगा कि यही सबसे अच्छी प्लेइंग इलेवन है और सिराज को बाहर रखना गलत फैसला नहीं था।
















