Mohammed Siraj Selection Controversy: न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के भेदभाव के आरोप पर कपिल देव ने क्या कहा आइए जानते हैं...
Kapil Dev on Mohammed Siraj: न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टेस्ट मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज को टीम से बाहर रखने पर भेदभाव का आरोप लगाया था। अब भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने इस विवाद पर अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा कि वह सिलेक्टर्स के फैसले पर टिप्पणी करने के लिए अधिकृत नहीं हैं, लेकिन चयनकर्ता अच्छा काम कर रहे हैं।
सिराज के चयन पर कपिल देव ने क्या कहा?
मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में टीम से बाहर रखने को लेकर सवाल पूछे जाने पर कपिल देव ने कहा कि इस मामले में सिलेक्टर्स से सवाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर टिप्पणी करने वाले कोई नहीं हैं और जिन लोगों के पास टीम चयन की जिम्मेदारी है, उन्हें ही इस बारे में जवाब देना चाहिए। कपिल देव ने सिलेक्टर्स का समर्थन करते हुए कहा कि वे अच्छा काम कर रहे हैं और हर किसी को खुश नहीं किया जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि किसी व्यवस्था की आलोचना नहीं की जा सकती, क्योंकि वह एक निश्चित प्रक्रिया के तहत काम करती है। भारतीय क्रिकेट अच्छा कर रहा है और यही सबसे महत्वपूर्ण बात है। खिलाड़ियों को चुनने का फैसला चयनकर्ता, मैनेजर और कप्तान को करना होता है। किसी की व्यक्तिगत पसंद या नापसंद से ज्यादा टीम की योजना मायने रखती है।
और पढे़ं- IND vs NZ: सिराज को मिली मुसलमान होने की सजा? किसने कहा, दूध से मक्खी की तरह निकाला
इमरान मसूद ने लगाया भेदभाव का आरोप
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को टीम में नहीं चुना गया और उनके नाम की वजह से उन्हें नजरअंदाज किया गया। मसूद ने कहा कि अगर किसी खिलाड़ी का प्रदर्शन अच्छा है और इसके बावजूद उसे टीम में जगह नहीं मिलती, तो यह भेदभाव का संकेत है। उन्होंने सिराज के चयन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
किरेन रिजिजू ने आरोपों को किया खारिज
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इमरान मसूद के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि देश में अवसर योग्यता के आधार पर दिए जाते हैं, न कि धर्म या जाति के आधार पर। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ धर्म या जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता। यदि कोई ऐसा महसूस करता है, तो यह सही नहीं है।
सिराज को टीम में जगह नहीं मिलने पर बहस जारी
मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किए जाने के बाद क्रिकेट और राजनीति से जुड़े लोगों के बीच बहस तेज हो गई है। जहां कुछ लोग सिलेक्टर्स के फैसले का समर्थन कर रहे हैं, वहीं कुछ उनके चयन को लेकर सवाल उठा रहे हैं। कपिल देव ने इस मामले में सिलेक्टर्स की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि टीम चयन में व्यक्तिगत पसंद के बजाय टीम की रणनीति और योजना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।














