IND vs NZ: मोहम्मद सिराज को प्लेइंग XI से बाहर करने पर पूर्व क्रिकेटर ने सवाल उठाए। साथ ही इमरान मसूद के सांप्रदायिक भेदभाव वाले आरोपों को पूरी तरह गलत बताया।
IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे टेस्ट मैच की भारतीय प्लेइंग XI से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखने का फैसला विवादों में आ गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए सांप्रदायिक भेदभाव का आरोप लगाया था। अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर अतुल वासन ने उनके इस आरोप को पूरी तरह गलत बताया है। हालांकि, वासन ने सिराज को टीम से बाहर रखने के क्रिकेट से जुड़े फैसले पर जरूर सवाल उठाए।
उनका कहना है कि सिराज ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन किया है और टीम को मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में उनके अनुभव और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उन्हें प्लेइंग XI से बाहर रखने की वजह समझना मुश्किल है। वासन ने साफ कहा कि टीम चयन के फैसले में धर्म को शामिल करना बिल्कुल गलत है। इस तरह के आरोप भारतीय क्रिकेट के साथ-साथ देश की खेल संस्थाओं की छवि को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
सिराज को प्लेइंग XI से बाहर रखने पर अतुल वासन ने उठाए सवाल
- पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि टीम के कोच और मैनेजमेंट ने सिराज को बाहर रखने का फैसला लिया है और वह इसका सम्मान करते हैं। हालांकि, अपने क्रिकेट अनुभव के आधार पर उन्हें यह फैसला समझ नहीं आया।
- वासन ने कहा, "सबसे पहले, टीम के कोच और मैनेजमेंट ने यह फैसला लिया है और मैं इसका समर्थन करता हूं। लेकिन अपने क्रिकेट के अनुभव के आधार पर कहूं तो, मुझे यह समझ नहीं आ रहा कि यह फैसला सही है या गलत।
- मोहम्मद सिराज जैसे गेंदबाज ने इतने सारे मैच खेले हैं, तो उन्हें बाहर बिठाने का मतलब हो सकता है कि उन्हें कोई चोट लगी हो। अगर ऐसा नहीं है, तो यह एक बहुत बड़ी गलती है।"
- भारत के लिए 4 टेस्ट और 9 वनडे मैच खेल चुके वासन ने कहा कि सिराज पिछले मैच में टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल थे। इससे पहले उन्होंने वनडे मैच में भी हिस्सा लिया था। ऐसे में उन्हें टीम से बाहर रखने का फैसला क्रिकेट के नजरिए से समझना मुश्किल है।
पिछले मैच में सिराज थे मैच विनर, फिर क्यों किया बाहर?
- अतुल वासन ने सिराज के हालिया प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले मैच में उन्होंने टीम के लिए मैच जिताने वाला प्रदर्शन किया था। इसके अलावा, वह इससे पहले वनडे मैच भी खेले थे। इससे साफ लगता है कि वह फिट थे और अच्छी फॉर्म में चल रहे थे।
- वासन ने कहा, "आगे क्या होगा, यह तो पता नहीं, लेकिन पिछले मैच में तो वही मैच विनर थे। और अब अगले मैच में उन्हें नहीं खिलाया जा रहा? उन्होंने पिछला वनडे भी खेला था, जिससे लगता है कि वह पूरी तरह तैयार थे और अच्छे फॉर्म में भी थे। इसलिए मुझे समझ नहीं आया कि ऐसा क्यों किया गया।"
गौतम गंभीर पर क्या बोले पूर्व क्रिकेटर?
- उन्होंने भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर की कार्यशैली पर भी अपनी राय रखी। वासन के मुताबिक, गंभीर नए खिलाड़ियों को मौका देकर उन्हें तैयार करना चाहते होंगे। लेकिन ऐसा उन अनुभवी खिलाड़ियों को नजरअंदाज करके नहीं किया जाना चाहिए, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से टीम को इस मुकाम तक पहुंचाया है।
- उन्होंने कहा कि टीम में नए खिलाड़ियों को तैयार करना अच्छी बात है, लेकिन इसके लिए पुराने और अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बाहर रखना सही तरीका नहीं है। सिराज को बाहर करने का फैसला उन्हें थोड़ा अजीब लगा।
इमरान मसूद के सांप्रदायिक भेदभाव वाले आरोपों को किया खारिज
- सिराज को टीम से बाहर किए जाने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इसे सांप्रदायिक भेदभाव से जोड़ दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को टीम में जगह नहीं मिली, क्योंकि उनका नाम सिराज है और उनकी धार्मिक पहचान इसकी वजह हो सकती है।
- इससे पहले ANI से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा था, “कहा जा रहा है कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई। उनका नाम 'सिराज' है, और शायद इसीलिए उन्हें जगह नहीं मिली। अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी आप उन्हें नहीं चुन रहे हैं, तो यह साफ तौर पर भेदभाव है।”
- हालांकि, अतुल वासन ने इमरान मसूद के इस बयान का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि टीम चयन को सांप्रदायिक नजरिए से देखना गलत है।
गौतम गंभीर को सांप्रदायिक बताना गलत: अतुल वसन
- अतुल वासन ने सांप्रदायिक भेदभाव के आरोपों पर कहा कि गौतम गंभीर मजबूत व्यक्तित्व के व्यक्ति हैं, लेकिन उन्हें सांप्रदायिक कहना बिल्कुल गलत है। उन्होंने इस तरह के आरोपों को भारतीय खेल और संस्थाओं की छवि के लिए नुकसानदायक बताया।
- वासन ने कहा, “लेकिन यह दूसरी बात, यानी सांप्रदायिक पहलू वाली बात, इससे मैं बिल्कुल सहमत नहीं हूं। गौतम गंभीर एक मजबूत व्यक्तित्व वाले इंसान हैं, लेकिन वे सांप्रदायिक नहीं हैं, इसलिए मुझे लगता है कि यह पूरी तरह से गलत है। इस पर ठीक से चर्चा होनी चाहिए।”
















