Suryakumar Yadav Comeback News: सूर्यकुमार यादव की टीम इंडिया में वापसी मुश्किल हो गई है। घरेलू क्रिकेट में तूफानी बैटिंग के बावजूद BCCI ने उनके चयन पर बड़ा झटका दिया है।

Suryakumar Yadav Team India Return Update: टीम इंडिया को अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव इन दिनों मैदान पर रनों की बारिश कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके करियर पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के गलियारों से जो खबर सामने आई है, उसने 'मिस्टर 360' के करोड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया है। घरेलू क्रिकेट में धमाकेदार प्रदर्शन करने के बाद भी टीम इंडिया के दरवाजे सूर्यकुमार यादव के लिए फिलहाल बंद नजर आ रहे हैं। आइए जानते हैं उनकी वापसी को लेकर बीसीसीआई ने क्या कहा है...

सूर्यकुमार यादव की वापसी पर BCCI ने क्या कहा?

टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद लगाए बैठे सूर्यकुमार को BCCI की ओर से बड़ा झटका लगा है। समाचार एजेंसी ANI की एक रिपोर्ट में BCCI के एक सूत्र ने साफ कर दिया है कि चयनकर्ता (Selectors) फिलहाल सूर्यकुमार के नाम पर विचार नहीं कर रहे हैं। सूत्र के मुताबिक, सूर्यकुमार मेहनत कर रहे हैं और घरेलू क्रिकेट में अच्छा खेल रहे हैं, लेकिन मौजूदा भारतीय टीम में उन्हें फिट करने के लिए कोई जगह खाली नहीं है।

BCCI ने यशस्वी जायसवाल का दिया उदाहरण

बोर्ड के सूत्र ने युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का नाम लेते हुए कहा कि जब टीम प्रबंधन व्हाइट-बॉल यानी वनडे और T20 टीम में यशस्वी जैसे युवा खिलाड़ी को ही जगह नहीं दे पा रहा है, तो फिर सूर्यकुमार यादव को किस नंबर पर खिलाया जाएगा।

Scroll to load tweet…

सूर्यकुमार का बल्ला आग उगल रहा है, फिर भी नहीं जगह

दिलचस्प बात ये है कि सूर्यकुमार यादव अपनी तरफ से वापसी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। वह इस समय सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं और गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे हैं: उन्होंने 269.35 की स्ट्राइक रेट से कुल 167 रन बनाए है। इसमें 15 छक्के और 16 चौके शामिल है। इस फॉर्म के बावजूद BCCI के रुख ने फैंस को निराश कर दिया है।

वर्ल्ड कप जिताया, फिर भी छीनी कप्तानी और टूटा ओलंपिक का सपना

सूर्यकुमार यादव के लिए इसलिए भी ये हैरान करने वाली है, क्योंकि इसी साल 2026 T20 वर्ल्ड कप में उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को चैंपियन बनाया था। फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर टीम इंडिया अपने घर में T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनी थी। वर्ल्ड कप जीत के बाद सूर्यकुमार ने इच्छा जताई थी कि वह आगे भी खेलते रहेंगे और 2028 लॉस एंजिल्स (LA) ओलंपिक में देश की कप्तानी करना चाहते हैं। लेकिन चयनकर्ताओं ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए उन्हें न सिर्फ कप्तानी से हटाया, बल्कि टीम से ही बाहर कर दिया।

2028 तक श्रेयस अय्यर कप्तान

दिसंबर 2023 के बाद से T20 से बाहर चल रहे श्रेयस अय्यर की वापसी हुई और उन्हें नया कप्तान बना दिया गया। अब 2028 T20 वर्ल्ड कप और ओलंपिक तक अय्यर ही टीम की कमान संभालेंगे। इससे माना जा रहा है कि सूर्यकुमार के रास्ते टीम इंडिया में लगभग बंद हो गए हैं।

सूर्यकुमार यादव आगे क्या करेंगे?

टीम इंडिया से भले ही निराशा हाथ लग रही हो, लेकिन सूर्यकुमार यादव मैदान पर डटे रहेंगे। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद वह विजय हजारे ट्रॉफी में भी मुंबई की कप्तानी करते नजर आएंगे। इसके अलावा, मुंबई इंडियंस (MI) ने उन्हें रिटेन किया है, यानी IPL 2027 में फैंस को एक बार फिर उनका पुराना जलवा देखने को मिलेगा।