IND vs NZ: मैट हेनरी-जैमिसन के जाल में कैसे फंसे भारतीय बल्लेबाज? हार के बाद गंभीर का बड़ा खुलासा

Published : Nov 13, 2026, 07:47 PM IST

IND vs NZ: चौथे वनडे में न्यूजीलैंड से मिली शर्मनाक हार के बाद गौतम गंभीर ने मैट हेनरी और जैमिसन की तारीफ की। जानिए टीम इंडिया की बल्लेबाजी पर क्या बोले कोच?

IND vs NZ 4th ODI: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मैच में टीम इंडिया को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी और काइल जैमिसन की जमकर तारीफ की। गंभीर ने बताया कि दोनों गेंदबाजों ने किस तरह अपनी गेंदबाजी से भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाया और टीम इंडिया को मुश्किल में डाल दिया।

मैट हेनरी की गेंदबाजी से प्रभावित हुए गौतम गंभीर
गौतम गंभीर ने मैट हेनरी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी ताकत लगातार स्टंप्स को निशाना बनाना रही। उनकी ज्यादातर गेंदें स्टंप्स की लाइन में थीं। इस तरह की गेंदबाजी से बल्लेबाज के बल्ले के दोनों किनारों को चुनौती मिलती है। हेनरी ने भी बिल्कुल ऐसा ही किया। गंभीर ने कहा कि मैट हेनरी ने रोहित शर्मा को स्लिप में आउट कराया, जबकि विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को इनसाइड एज के जरिए परेशान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को भी इससे सीखने की जरूरत है कि किस तरह लगातार स्टंप्स और पैड्स को निशाना बनाकर गेंदबाजी की जाती है

काइल जैमिसन के बाउंस ने बढ़ाई भारतीय बल्लेबाजों की मुश्किल
गंभीर ने काइल जैमिसन की गेंदबाजी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि हेनरी और जैमिसन दोनों अलग-अलग तरह के गेंदबाज हैं। हेनरी जहां स्टंप्स पर निशाना साधते हैं, वहीं जैमिसन की लंबाई ज्यादा होने के कारण उन्हें अच्छा बाउंस मिलता है। इसलिए दोनों की तुलना नहीं की जा सकती। गंभीर के मुताबिक, दोनों गेंदबाजों ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया और भारतीय बल्लेबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया।

दोनों छोर से दबाव बनाने में सफल रहा न्यूजीलैंड
गौतम गंभीर ने कहा कि क्रिकेट में अगर एक छोर से दबाव बनता है और दूसरे छोर से गेंदबाज ऐसा नहीं कर पाता, तो बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो जाता है। लेकिन चौथे वनडे में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने दोनों छोर से लगातार दबाव बनाए रखा। गंभीर ने माना कि भारतीय बल्लेबाजों के पास उस समय न्यूजीलैंड की गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं था। इसके अलावा उन्होंने वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों को लेकर भी सवालों के जवाब दिए। टीम के बल्लेबाजी क्रम और खिलाड़ियों की भूमिकाओं पर भी उनसे चर्चा हुई।

Read more