IND vs NZ: 89 पर ढेर होना तो बहाना है, असली बीमारी कुछ और? 50 कैच छोड़कर सबसे फिसड्डी बना भारत!

Published : Nov 13, 2026, 04:59 PM IST
IND vs NZ

सार

India vs New Zealand: माउंट माउंगानुई में न्यूजीलैंड ने भारत को 244 रनों से हराया। रोहित-कोहली 0 पर आउट हुए। इस मैच में हार की वजह सिर्फ बैटिंग नहीं, फिल्डिंग भी रही।

Team India Catching Efficiency Ranking: माउंट माउंगानुई: न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को चौथे वनडे में टीम इंडिया को 244 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। सोशल मीडिया से लेकर चाय की दुकानों तक, हर कोई सिर्फ इस बात की चर्चा कर रहा है कि भारतीय बल्लेबाज महज 89 रन पर कैसे ढेर हो गए, रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर बिना खाता खोले कैसे पवेलियन लौट गए। लेकिन अगर आप मैच के असली आंकड़ों पर नजर डालेंगे, तो साफ दिखेगा कि 89 रन पर ऑलआउट होना तो महज एक नतीजा था, टीम इंडिया की हार की वजह कुछ और भी थी। भारतीय टीम पिछले कुछ समय से अपनी खराब फील्डिंग और कैच छोड़ने की समस्या से जूझ रही है, जिसने उसे दुनिया की सबसे फिसड्डी टीमों की कतार में खड़ा कर दिया है। इस मैच में भी उसने चार-चार कैच टपकाए।

'बटर फिंगर्स' बनी टीम इंडिया

क्रिकेट में कहा जाता है, 'कैच पकड़ो, मैच पकड़ो' (Catches Win Matches), लेकिन टीम इंडिया के साथ इसका उल्टा ही हो रहा है। 2025 की शुरुआत से लेकर अब तक भारतीय टीम की कैच पकड़ने की क्षमता (Catching Efficiency) गिरकर सिर्फ 75.1% रह गई है। यानी भारतीय खिलाड़ियों के पास आए हर 100 कैच में से वे करीब 25 कैच जमीन पर गिरा रहे हैं। इस मामले में भारत दुनिया की 12 टॉप क्रिकेट टीमों (फुल मेंबर्स) में 11वें नंबर पर लुढ़क गया है। इस दौरान भारतीय फील्डरों ने कुल 50 कैच टपकाए हैं, जो इन सभी 12 टीमों में सबसे ज्यादा हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में कैच छोड़ने का सिलसिला जारी

शुक्रवार, 13 नवंबर को माउंट माउंगानुई में भी भारत ने 4 आसान कैच छोड़े, जिनमें अकेले कीवी बल्लेबाज और ओपनर विल यंग को मिले दो जीवनदान शामिल थे। नतीजा यह हुआ कि विल यंग ने 108 गेंदों पर ताबड़तोड़ 125 रन बनाएं और न्यूजीलैंड ने बोर्ड पर 333 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया।

India vs New Zealand: मैट हेनरी का कहर और रोहित-कोहली 0 पर आउट

334 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम शुरुआत में ही बिखर गई। कीवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने 27 रन देकर 6 विकेट झटके। उन्होंने पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को चलता कर दिया। वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत के साथ पहली बार ऐसा हुआ जब टीम का खाता खुलने से पहले ही शुरुआती 3 बल्लेबाज आउट हो गए। 9 रन तक पहुंचते-पहुंचते आधी टीम (4 विकेट) पवेलियन लौट चुकी थी, जिसने 1983 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 9/4 के स्कोर की कड़वी याद ताजा कर दी। रोहित शर्मा और विराट कोहली एक ही वनडे मैच में दूसरी बार शून्य (0) पर आउट हुए। इससे पहले 2010 में श्रीलंका के खिलाफ दांबुला में दोनों बिना खाता खोले आउट हुए थे।

चौथे वनडे में भारत के नाम जुड़े ये 6 अनचाहे रिकॉर्ड

  1. माउंट माउंगानुई में मिली 244 रन की हार वनडे क्रिकेट में भारत की दूसरी सबसे बड़ी शिकस्त है। इससे पहले भारत को सबसे बड़ी हार 26 साल पहले मिली थी।
  2. न्यूजीलैंड के लिए यह जीत ऐतिहासिक रही, क्योंकि रनों के लिहाज से यह उनके वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले आयरलैंड से टीम ने 2008 में 290 रन से जीती थी।
  3. वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत पांचवीं ऐसी टीम बन गई है, जिसके शुरुआती 3 बल्लेबाज बिना कोई रन (0/3) बनाए पवेलियन लौट गए। पहले पाकिस्तान, बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया के साथ ऐसा हो चुका है।
  4. माउंट माउंगानुई में बनाया गया 333 रन का स्कोर भारत के खिलाफ कीवी टीम का चौथा सबसे बड़ा वनडे टोटल है।
  5. मैट हेनरी ने भारत के खिलाफ महज 12 पारियों में चौथी बार 4 या उससे ज्यादा विकेट लेकर कई दिग्गजों की बराबरी कर ली है। जिसमें रवि रामपॉल 4 बार (14 पारियां), अजंता मेंडिस 4 बार (19 पारियां), ब्रेट ली 4 बार (30 पारियां) और आकिब जावेद 4 बार (36 पारियां) शामिल हैं।
  6. माउंट माउंगानुई में शुरुआती 10 ओवर में 4 विकेट पर 26 रन बनाना 2018 के बाद भारत का छठा सबसे खराब पावरप्ले प्रदर्शन है।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

IND vs NZ: विराट कोहली के करियर के 6 सबसे खराब रिकॉर्ड, जानें कितने बार 0 पर आउट हुए 'चीकू'
IND vs NZ 4th ODI: टीम इंडिया की ऐतिहासिक बेइज्जती! 'शेर' 89 रन पर ढेर, हार की 10 सबसे तगड़ी वजह