
India vs New Zealand T20I Records: न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में खेले गए 5वें और आखिरी टी20 मैच में भले ही टीम इंडिया को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन टीम के खिलाड़ियों ने छक्कों की ऐसी झड़ी लगाई कि एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया है, जिसके आसपास कोई टीम नहीं। रविवार को हैमिल्टन के मैदान पर टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने कुल 11 छक्के जड़े। इसी के साथ भारत एक कैलेंडर ईयर यानी एक साल में 400 T20 इंटरनेशनल छक्के लगाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इस रिकॉर्ड में भारत का दबदबा ऐसा है कि दुनिया की कोई टीम आस-पास भी नहीं है।
भारत- 400 छक्के, 40 मैचों में
ऑस्ट्रिया- 224 छक्के, 24 मैच
वेस्टइंडीज- 224 छक्के, 21 मैच
इन 400 में से अकेले 142 छक्के तो भारत ने सिर्फ न्यूजीलैंड के खिलाफ ही मारे हैं। इस साल भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के अभिषेक शर्मा (86), ईशान किशन (60) और संजू सैमसन (50) के बल्ले से निकले हैं।
चोट के बाद वापसी कर रहे ईशान किशन ने आते ही सिर्फ 31 गेंदों में 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। इस पारी के साथ ही ईशान ने टी20 में भारत के 'मिस्टर 360' सूर्यकुमार यादव का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब ईशान किशन एक साल में भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 रन (1220 रन) बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड सूर्या के नाम था, जो उन्होंने साल 2022 में बनाए थे। तब सूर्या ने 1164 रन बनाए थे। इसके अलावा ईशान ने टी20 इंटरनेशनल में अपने 2000 रन भी पूरे कर लिए हैं। वो अभिषेक शर्मा (1024 गेंद) और सूर्या (1164 गेंद) के बाद 2000 रन तक पहुंचने वाले तीसरे सबसे तेज भारतीय (1345 गेंद) बन गए हैं।
भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 191/8 का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन (61) और कप्तान श्रेयस अय्यर (50 रन) ने शानदार वापसी कराई। बाद में नमन धीर (33) और नीतीश कुमार रेड्डी (22) ने भी तेज रन बनाए। लेकिन, न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने कमाल का खेल दिखाया। टिम साइफर्ट की 93 रनों की आंधी और ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 65 रन) की बदौलत कीवी टीम ने यह लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया और भारत को 7 विकेट से हरा दिया। कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर के लिए भी यह दिन खास रहा, क्योंकि वह न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा (143) टी20 मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। भले ही भारत यह आखिरी मैच हार गया, लेकिन टीम इंडिया ने यह 5 मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली है।