IND vs NZ ODI: 'हिटमैन' रोहित शर्मा का न्यूजीलैंड में क्यों निकलता है दम? आंकड़े देख नहीं होगा यकीन

Published : Nov 03, 2026, 01:31 PM IST
Rohit Sharma

सार

India vs New Zealand ODI: 4 नवंबर से भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज शुरू है। 6 साल बाद न्यूजीलैंड में रोहित-विराट खेलेंगे। लेकिन कीवी धरती पर 'हिटमैन' के आंकड़े फैंस को डरा रहे हैं।

Rohit Sharma vs New Zealand Stats: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 4 नवंबर 2026 से 5 मैचों की रोमांचक वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। क्रिकेट फैंस के लिए ये सीरीज बेहद एक्साइटमेंट वाली है, क्योंकि करीब 6 साल के लंबे इंतजार के बाद 'हिटमैन' रोहित शर्मा और 'किंग' विराट कोहली न्यूजीलैंड की धरती पर एक साथ खेलते नजर आएंगे। दोनों आखिरी बार फरवरी 2020 में न्यूजीलैंड दौरे पर साथ खेले थे। टेस्ट और टी-20 से संन्यास लेने के बाद अब रोहित और विराट सिर्फ वनडे खेलते हैं। ऐसे में 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिए यह दौरा बहुत अहम है। लेकिन, सीरीज शुरू होने से पहले रोहित शर्मा के कुछ ऐसे आंकड़े सामने आए हैं, जो उनके फैंस की धड़कनें बढ़ा देंगे। सवाल उठ रहा कि जिन 'हिटमैन' के नाम वनडे में 3 दोहरे शतक हैं, उनका बल्ला न्यूजीलैंड जाकर शांत क्यों हो जाता है...

न्यूजीलैंड में रोहित शर्मा के आंकड़े

जब रोहित शर्मा फॉर्म में होते हैं, तो अच्छे-अच्छे गेंदबाजों के पसीने छूट जाते हैं। लेकिन न्यूजीलैंड की तेज, स्विंग और उछाल भरी पिचें रोहित को बिल्कुल रास नहीं आतीं। आंकड़ों पर नजर डालें तो रोहित ने न्यूजीलैंड में अब तक 14 वनडे मैच खेले हैं, लेकिन उनके बल्ले से एक भी शतक (Century) नहीं निकला है। इन 14 मैचों में वो सिर्फ 437 रन ही बना पाए हैं। रोहित का औसत यहां मात्र 36.41 का है और स्ट्राइक रेट गिरकर 72.95 पर आ जाता है। न्यूजीलैंड में रोहित का सबसे बड़ा स्कोर 87 रन है, जो उन्होंने 2019 में बनाया था। भले ही रोहित शर्मा ने 2026 में अब तक 12 पारियों में 604 रन ठोक दिए हों, लेकिन इसी साल जनवरी में जब न्यूजीलैंड की टीम भारत आई थी, तब भी रोहित 3 मैचों में सिर्फ 61 रन ही बना पाए थे। यानी कीवी गेंदबाजों के सामने रोहित हमेशा फंसते हैं।

न्यूजीलैंड में विराट कोहली का क्या हाल?

जहां रोहित शर्मा स्विंग और बाउंस के आगे संघर्ष करते हैं, वहीं विराट कोहली को ऐसी पिचें बहुत पसंद आती हैं। कोहली हमेशा गेंद को सही टाइम करते हैं, जिससे न्यूजीलैंड में उनका रिकॉर्ड रोहित से कहीं बेहतर है। विराट ने न्यूजीलैंड में 13 वनडे खेले हैं और 596 रन बनाए हैं। वो अब अपने 600 रन से सिर्फ 4 रन दूर हैं। विराट का औसत 49.66 का है। उन्होंने यहां 1 शतक (2014 में नेपियर के मैदान पर 123 रन) और 4 फिफ्टी लगाई हैं। सबसे दिलचस्प बात कि भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वालों में सचिन तेंदुलकर पहले (18,426 रन), कोहली दूसरे (15,109 रन) और रोहित तीसरे (12,120 रन) नंबर पर हैं।

भारत vs न्यूजीलैंड वनडे मैच कब और कहां देखें?

पहला वनडे: 4 नवंबर 2026 (ऑकलैंड)

दूसरा वनडे: 7 नवंबर 2026 (वेलिंगटन)

तीसरा वनडे: 10 नवंबर 2026 (हैमिल्टन)

चौथा वनडे: 13 नवंबर 2026 (तौरांगा)

पांचवां वनडे: 15 नवंबर 2026 (तौरांगा)

ध्यान दें: ये सभी मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह 7:30 बजे शुरू होंगे।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

भारत न्यूजीलैंड वनडे सीरीज 2026: कब और कहां होंगे मुकाबले? जानें पूरा शेड्यूल और टीम स्क्वॉड