IND vs PAK U19 Final: अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान ने जगह बनाई। भारत भी अफगानिस्तान के खिलाफ जीत के करीब है। ऐसे में अब फाइनल में IND vs PAK हाईवोल्टेज मुकाबला तय है। जानें फाइनल की तारीख, समय और वेन्यू।
IND vs PAK U19 Final: अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला होने की संभावना बढ़ गई है। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ जीत के बेहद करीब है। ऐसे में क्रिकेट फैंस को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलने वाला है।
IND vs PAK U19 Final: कब और कहां होगा फाइनल मुकाबला?
अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला शनिवार 14 नवंबर को ओमान के अल-अमीरात स्टेडियम में खेला जाना है। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।
पाकिस्तान ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब सभी की नजरें भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल पर हैं। अगर भारतीय टीम इस मुकाबले में जीत दर्ज करती है, तो फाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे।
पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया
पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश अंडर-19 टीम ने टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 31.4 ओवर में 138 रन बनाए। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश की पारी को जल्दी समेट दिया।
बांग्लादेश की ओर से अब्दुल्ला अल-मुही ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। उनके अलावा रकीबुल हसन ने 26, रफी ने 20 और कप्तान फरीद हसन ने 17 रन का योगदान दिया। इन बल्लेबाजों के अलावा बाकी खिलाड़ी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
उस्मान खान और हयाम खान ने दिलाई पाकिस्तान को जीत
139 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान अंडर-19 टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। टीम ने महज 21.5 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
पाकिस्तान की जीत में उस्मान खान और हयाम खान की अहम भूमिका रही। उस्मान खान ने 64 रन बनाए, जबकि हयाम खान ने 69 रन की शानदार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने बांग्लादेश के गेंदबाजों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
इस जीत के साथ ही पाकिस्तान अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
भारत-पाकिस्तान के बीच फाइनल में होगा हाईवोल्टेज मुकाबला
अगर भारतीय टीम अफगानिस्तान को हराने में सफल रहती है, तो अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा। दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच को लेकर फैंस में हमेशा उत्साह रहता है। ऐसे में संभावित फाइनल मुकाबले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।