IND vs PAK U19 Final: 12 फाइनल में सिर्फ 2 बार चेज हुआ टारगेट, वो भी भारत ने किया, क्या फिर रचेगा इतिहास?

Published : Nov 14, 2026, 03:37 PM IST
U19 Asia Cup Final

सार

U19 Asia Cup Final: अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 338 रन का टारगेट दिया है। पहले 2 बार भारत रन चेज कर पाया है। जानिए टूर्नामेंट के 12 फाइनल मैचों का रिकॉर्ड।

India vs Pakistan U19 Final: अंडर-19 एशिया कप के खिताबी मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने हैं। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने स्कोरबोर्ड पर 337 रन टांग दिए हैं, यानी टीम इंडिया को चैंपियन बनने के लिए 338 रनों का बड़ा लक्ष्य हासिल करना होगा। आंकड़ों के पन्नों को पलटें तो फाइनल में टारगेट चेज करना हमेशा मुश्किल रहा है, लेकिन भारतीय फैंस के लिए सुकून की बात ये है कि जब भी ऐसा हुआ है, वो सिर्फ टीम इंडिया ने ही किया है। आइए जानते हैं फाइनल में कब-कब रन चेज हुआ है...

भारत vs पाकिस्तान अंडर 19 एशिया कप फाइनल मैच का हाल

338 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने बिना किसी जल्दबाजी के संभलकर पारी की शुरुआत की है। खबर लिखे जाने तक शुरुआती 5 ओवर का खेल खत्म होने तक भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 22 रन बना लिए थे। ओपनिंग करने उतरे आर्यवीर सहवाग और लक्ष्य रायचंदानी मजबूती से टिके हुए हैं। तीसरे ओवर में अली रजा की गेंद पर लक्ष्य ने शानदार चौका जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए थे।

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान की पारी

इससे पहले पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए। पाकिस्तान की तरफ से उस्मान खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 107 रनों की शतकीय पारी खेली। भारतीय गेंदबाजों ने भी बीच-बीच में बड़े झटके दिए। काव्य पटेल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए, जबकि सी. वेंकट के खाते में 3 विकेट गए। फाइनल में रन चेज का रिकॉर्ड: 12 में से

U19 Asia Cup Final Records: फाइनल में रन चेज का रिकॉर्ड

अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में अब तक कुल 12 फाइनल खेले गए हैं। इन मुकाबलों का ट्रेंड बताता है कि फाइनल के दबाव में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। अब तक सिर्फ 2 ही मौके ऐसे आए हैं जब बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी उठाई है और दोनों ही बार यह कारनामा भारत ने श्रीलंका के खिलाफ किया था। साल 2003 में भारत ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर लक्ष्य चेज किया था। इसके बाद साल 2021 में भारत ने डकवर्थ-लुईस नियम (DLS) के तहत श्रीलंका को 9 विकेट से मात दी थी।

अंडर-19 एशिया कप फाइनल: अब तक खेले गए सभी 12 फाइनल मैचों का रिकॉर्ड

1989 से 2016 तक भारत का दबदबा

अंडर-19 एशिया कप के शुरुआती दौर में भारतीय टीम ने एकतरफा राज किया। 1989 के पहले फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 79 रन से हराया। इसके बाद 2003 में श्रीलंका के खिलाफ 8 विकेट से पहली बार रन चेज करके जीत दर्ज की। 2012 में भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच टाई रहा और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। भारत ने 2013-14 में पाकिस्तान को 40 रन से और 2016 में श्रीलंका को 34 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।

2017 से 2021: अफगानिस्तान का उलटफेर और भारत की हैट्रिक

साल 2017 के फाइनल में अफगानिस्तान ने बड़ा उलटफेर करते हुए पाकिस्तान को 185 रन के भारी अंतर से मात दी। हालांकि इसके बाद भारत ने जोरदार वापसी करते हुए लगातार तीन खिताब जीते। भारत ने 2018 में श्रीलंका को 144 रन से, 2019 में बांग्लादेश को रोमांचक मुकाबले में 5 रन से और 2021 में डकवर्थ-लुईस नियम (DLS) के तहत श्रीलंका को 9 विकेट से हराया। 2021 का यह मुकाबला फाइनल इतिहास का दूसरा सफल रन चेज था।

2023 से 2025: बांग्लादेश और पाकिस्तान की जीत

पिछले तीन सालों में टूर्नामेंट में नई चैंपियन टीमें देखने को मिलीं। 2023 के फाइनल में बांग्लादेश ने UAE को 195 रन के बड़े अंतर से हराया। इसके बाद 2024 में बांग्लादेश ने भारत को 59 रन से मात देकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती। वहीं, 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

UAE के खिलाफ 139, अब भारत के सामने 107 रन… पाकिस्तान के उस्मान खान की U19 एशिया कप में शानदार परफॉर्मेंस
कौन हैं पाकिस्तान का उस्मान खान: आर्यवीर सहवाग की तरह मचा रहा तूफान? भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा!