Who is Usman Khan: पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज उस्मान खान ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। UAE के खिलाफ 139 रन की नाबाद पारी खेलने के बाद उन्होंने भारत के खिलाफ फाइनल में भी शतक जड़ा।

Usman Khan Century: पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज उस्मान खान ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा है। उन्होंने भारत के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी शतक जड़कर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। ओमान के अल अमरात स्टेडियम में खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले में उस्मान ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया और पाकिस्तान के लिए अहम पारी खेली। उस्मान खान ने 106 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। हालांकि, वह ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और 111 गेंदों पर 107 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी इस पारी में 21 चौके और 1 छक्का शामिल था। भारत को यह बड़ी सफलता काव्या परेश पटेल ने दिलाई। फाइनल में शतक लगाने से पहले भी उस्मान का बल्ला पूरे टूर्नामेंट में खूब चला था।

UAE के खिलाफ खेली थी 139 रनों की नाबाद पारी

उस्मान खान ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में अपने प्रदर्शन की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। UAE के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 120 गेंदों पर नाबाद 139 रन बनाए थे। उनकी इस पारी में 21 चौके और 1 छक्का शामिल था। उस्मान की शानदार बल्लेबाजी के दम पर पाकिस्तान ने यह मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया था। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।

और पढे़ं- India vs Pakistan U19 Final: कौन हैं आर्यवीर सहवाग? जिनके खौफ में पाकिस्तान, खतरनाक है पिछला रिकॉर्ड

एशिया कप में ऐसा रहा उस्मान खान का प्रदर्शन

भारत के खिलाफ फाइनल से पहले उस्मान खान ने टूर्नामेंट के 4 मैचों में 4 पारियां खेलकर 238 रन बनाए थे। उनका बल्लेबाजी औसत 119 और स्ट्राइक रेट 103.03 था। इस दौरान उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया था। उनका बेस्ट स्कोर 139 रन था। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर थे। फाइनल में भारत के खिलाफ 107 रन बनाने के बाद उनके टूर्नामेंट के कुल रन 345 हो गए।

कौन हैं उस्मान खान?

पाकिस्तान के उभरते हुए युवा क्रिकेटरों में उस्मान खान का नाम तेजी से चर्चा में आया है। उनका जन्म 20 मार्च 2008 को हुआ था। वह बाएं हाथ के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज हैं और जरूरत पड़ने पर लेग ब्रेक व गुगली गेंदबाजी भी करते हैं। उन्होंने 2024-25 सीजन में यूथ वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था। अफगानिस्तान अंडर-19 टीम के खिलाफ उन्होंने 133 गेंदों में 102 रन बनाकर अपने करियर का पहला शतक लगाया। इसके बाद 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ 85 गेंदों पर 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सितंबर 2026 में इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ भी उनके बल्ले से शानदार शतक निकला। इस मुकाबले में कप्तान फरहान यूसुफ के साथ उनकी पार्टनरशिप ने पाकिस्तान अंडर-19 क्रिकेट में सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड बनाया। लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते उस्मान खान को पाकिस्तान क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा माना जा रहा है।