
IND vs WI 5th T20 Rain Cut Off Time: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का फाइनल और खिताबी मुकाबला बारिश की वजह से अब तक शुरू नहीं हो पाया है। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले में मौसम ने खेल बिगाड़ दिया है। शाम 6:30 बजे होने वाला टॉस बारिश की वजह से तय समय पर नहीं हो सका। फिलहाल मैदान पर कवर्स बिछे हुए हैं और दोनों टीमों के खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में बैठकर बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं। सीरीज अभी 2-2 की बराबरी पर खड़ी है। ऐसे में फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि मैच कितने बजे तक शुरू हो सकता है और अगर बारिश नहीं रुकी, तो किसने बजे के बाद मैच रद्द कर दिया जाएगा? आइए जानते हैं ग्राउंड के नियम और कट-ऑफ टाइम...
बेंगलुरु में बारिश के चलते खिलाड़ी अपने ड्रेसिंग रूम में हैं। मैदान को ढककर रखा गया है और सभी को बारिश रुकने का इंतजार है। मैच में देरी के साथ हर गुजरता मिनट अहम होता जा रहा है, क्योंकि तय समय के बाद ओवर कम होने लगेंगे। अगर मौसम साथ देता है, तो मुकाबला छोटे फॉर्मेट में भी खेला जा सकता है। लेकिन बारिश लगातार जारी रही, तो सीरीज का फैसला बिना पूरे मैच के भी रह सकता है।
मैदान से मिली जानकारी के मुताबिक, रात 7:45 बजे के बाद ओवरों में कटौती शुरू हो जाएगी। यानी मैच को समय पर शुरू नहीं किया जा सका, तो दोनों टीमों को कम ओवरों का मुकाबला खेलना पड़ सकता है। वहीं, 5-5 ओवर का मैच शुरू कराने का आखिरी समय रात 9:41 बजे है। इसके बाद पांच ओवर का मुकाबला शुरू कराना भी संभव नहीं होगा। अगर बारिश के कारण इससे पहले तक खेल शुरू नहीं हो पाता, तो मैच रद्द होने का खतरा बढ़ जाएगा। फिलहाल मैदान पर कवर लगे हुए हैं और बारिश के बीच टॉस के नए समय को लेकर कोई ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है।
भारत ने सीरीज के पहले और तीसरे मुकाबले में जीत हासिल की थी। वहीं, वेस्टइंडीज ने दूसरे मैच के बाद चौथे T20 में भी बाजी मारी। हैदराबाद में खेले गए पिछले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को 24 रन से हराया था। अब पांचवां मैच सीरीज का निर्णायक मुकाबला है। जो टीम जीतेगी, सीरीज उसके नाम हो जाएगी। बारिश के कारण खेल नहीं हो पाता है, तो सीरीज का नतीजा प्रभावित हो सकता है।
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने पिछले मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए थे। वहीं, कीमो पॉल ने पांच विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी को बड़ा झटका दिया था। भारत की ओर से संजू सैमसन ने 23 गेंदों पर 56 रन की तेज पारी खेली, लेकिन टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। अब निर्णायक मुकाबले में भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन के साथ सीरीज जीतना चाहेगी।
भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के कंधे में चोट लगने के बाद अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) को टीम में शामिल किया गया है। अब देखना होगा कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं। हालांकि, फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मौसम है। फैंस को मैच के शुरू होने और टॉस के नए समय से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।