IND vs NZ Test: न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा भारत, शुभमन गिल ने बताया पूरा प्लान

Published : Nov 17, 2026, 11:26 AM IST
Shubman Gill Press Conference

सार

India vs New Zealand Test: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई बड़े खुलासे किए हैं। गिल ने साफ कर दिया है कि भारतीय टीम चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरने की तैयारी कर रही है।

India vs New Zealand Test Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जाएगा। मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टीम की रणनीति और प्लेइंग इलेवन को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। गिल ने साफ किया कि भारतीय टीम चार तेज गेंदबाजी विकल्पों के साथ मैदान पर उतरने की तैयारी कर रही है। हालांकि, अंतिम प्लेइंग इलेवन पर फैसला अभी बाकी है।

4 तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है टीम इंडिया

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीम के सभी तेज गेंदबाज शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में प्लेइंग 11 चुनना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। गिल ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो यह हमारे लिए अच्छी सिरदर्दी है। वनडे सीरीज में सभी तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। गुरनूर ने अच्छा किया, अंशुल ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की। इसके अलावा अर्शदीप और मोहम्मद सिराज ने भी अपनी क्षमता दिखाई है।" उन्होंने आगे कहा कि टीम चार तेज गेंदबाजी विकल्पों के साथ उतरना चाहती है, लेकिन अंतिम चार गेंदबाजों का चयन अभी नहीं हुआ है।

7 बल्लेबाजों के साथ बैटिंग डेप्थ पर भी नजर

शुभमन गिल ने साफ किया कि टीम मैनेजमेंट बल्लेबाजी की गहराई से समझौता नहीं करना चाहता। भारतीय टीम सात बल्लेबाजों के साथ उतरने की योजना पर विचार कर रही है। गिल के मुताबिक, आठवें और नौवें नंबर पर खेलने वाले खिलाड़ियों की बल्लेबाजी क्षमता भी टीम के लिए महत्वपूर्ण होगी। अंशुल कंबोज और आकाशदीप कुछ हद तक बल्लेबाजी कर सकते हैं। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी भी एक उपयोगी बल्लेबाजी विकल्प हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट को ऐसा संतुलन तैयार करना होगा, जिससे बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मजबूत रहें।

और पढे़ं- IND vs NZ Test Series 2026: किन खिलाड़ियों की होगी वापसी, पहली बार गूर्नूर बराड़ को मिलेगा मौका

पुरानी गेंद से विकेट लेना होगी बड़ी चुनौती

न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय टीम के लिए पुरानी गेंद से विकेट निकालना अहम होगा। गिल ने बताया कि मैच के तीसरे, चौथे और पांचवें दिन पिच कई बार सपाट हो जाती है। ऐसे में गेंदबाजों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि टीम को ऐसे तेज गेंदबाजों की जरूरत है, जो लगातार 135-140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकें और हार्ड लेंथ पर गेंद डालकर बल्लेबाजों को परेशान करें। इसके अलावा एक स्पिनर की भूमिका भी अहम होगी, जो एक छोर से रन रोक सके।

ऋषभ पंत पर कप्तान गिल को पूरा भरोसा

लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को लेकर भी शुभमन गिल ने अपनी राय रखी। गिल ने कहा कि पंत टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने दुनिया के अलग-अलग देशों में शानदार प्रदर्शन किया है और ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका तथा इंग्लैंड में शतक भी लगाए हैं।

WTC फाइनल पर टीम इंडिया की नजर

भारत के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। शुभमन गिल ने कहा कि अगर भारतीय टीम दोनों टेस्ट मैच जीतने में सफल रहती है, तो उसके पास अगले साल होने वाले WTC फाइनल में जगह बनाने का अच्छा मौका होगा। उन्होंने बताया कि इसी वजह से टेस्ट टीम के खिलाड़ियों को वनडे टीम से पहले ही रिलीज किया गया, ताकि वे टेस्ट सीरीज के लिए बेहतर तैयारी कर सकें।

तैयारी पूरी, अब मैदान पर प्रदर्शन की बारी

भारतीय कप्तान ने टीम की तैयारियों पर संतुष्टि जताई। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रैक्टिस का एक्स्ट्रा समय मिला है, जिससे उन्हें न्यूजीलैंड की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने में मदद मिली है। अब भारतीय खिलाड़ियों की कोशिश होगी कि वे अपनी रणनीति को मैदान पर सही तरीके से लागू करें और न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करें। बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में खेला जाएगा।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

IPL 2027 Retention: धोनी खेलेंगे या लेंगे संन्यास? शमी-सैम करन के ट्रेड से मचेगी हलचल
वैभव सूर्यवंशी VS ईशान किशन की टीम: किस पर कौन भारी, कौन बनेगा इस बार चैंपियन?