न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट ड्रॉ होने पर सौरव गांगुली ने भारतीय टीम की रणनीति के साथ ही प्लेइंग इलेवन पर भी सवाल खड़े किए।
भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन की तारीफ की है। हालांकि, उन्होंने विदेशी मैदानों पर टेस्ट मैच जीतने के लिए प्लेइंग 11 में विशेषज्ञ स्पिनर को शामिल करने की जरूरत बताई। गांगुली ने कुलदीप यादव और मानव सुथार को मौका नहीं दिए जाने पर भी सवाल उठाए। उनकी यह टिप्पणी न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद आई है। इस मैच में भारत ने पहली पारी में 720/9 रन बनाकर पारी घोषित की थी, लेकिन इसके बावजूद टीम जीत हासिल नहीं कर सकी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत से चूका भारत
वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले गए पहले टेस्ट के आखिरी दिन भारत ने न्यूजीलैंड के दो विकेट 119 रन पर गिरा दिए थे। इसके बावजूद भारतीय गेंदबाज बाकी पांच विकेट नहीं ले सके।
न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 120 ओवर खेलकर 239/5 रन बनाए और मुकाबला ड्रॉ करा दिया। न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिशेल ने 186 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 126 गेंदों पर नाबाद 26 रन की पारी खेली।
दोनों बल्लेबाजों ने शानदार धैर्य दिखाया और भारतीय गेंदबाजों को विकेट हासिल नहीं करने दिए। मैच खत्म होने में एक घंटे से भी कम समय बचा था, जब कप्तान शुभमन गिल ने विपक्षी खिलाड़ियों से हाथ मिला लिया।
गांगुली ने कहा- टेस्ट में स्पेशलिस्ट स्पिनर जरूरी
सौरव गांगुली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भारतीय टीम के प्रदर्शन की तारीफ की, लेकिन साथ ही गेंदबाजी रणनीति पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि विदेशी पिचों पर टेस्ट जीतने के लिए विशेषज्ञ स्पिनर का होना जरूरी है, खासकर ऐसी पिचों पर जो मैच आगे बढ़ने के साथ सपाट होती जाती हैं।
गांगुली ने लिखा, "भारत का इस सीरीज में प्रदर्शन शानदार रहा है। व्हाइट बॉल और अब रेड बॉल क्रिकेट में भी बल्लेबाजी बहुत अच्छी रही है।
लेकिन टीम को समझना होगा कि विदेशों में टेस्ट मैच जीतने के लिए ऐसी पिचों पर एक असली स्पिनर का होना जरूरी है, जो समय के साथ सपाट हो जाती हैं। वाशिंगटन सुंदर ऑलराउंडर के तौर पर खेल सकते हैं। BCCI, कुलदीप या मानव सुथार कहां हैं?"
कुलदीप यादव और मानव सुथार को क्यों नहीं मिला मौका?
वेलिंगटन टेस्ट में भारत ने चार तेज गेंदबाजों को प्लेइंग 11 में शामिल किया था। इनमें जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज शामिल थे। वहीं, रवींद्र जडेजा को बाहर रखा गया। इस फैसले पर क्रिकेट विशेषज्ञों ने भी सवाल उठाए।
अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव शुरुआत में टेस्ट टीम का हिस्सा थे, लेकिन बाद में उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए टीम से रिलीज कर दिया गया। उनकी जगह गुरनूर बरार को टीम में शामिल किया गया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले कुलदीप ने चौथे वनडे में 8 ओवर गेंदबाजी की थी और 73 रन दिए थे।'
वहीं, मानव सुथार को भी टेस्ट सीरीज में जगह नहीं मिली। उन्होंने इस साल की शुरुआत में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और उस मैच में 7 विकेट हासिल किए थे।
इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ भारत की 1-0 की सीरीज जीत में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। दो मैचों में मानव ने कुल 16 विकेट लिए थे।
WTC पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर भारत
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट ड्रॉ होने से भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में भी नुकसान हुआ है। टीम का पॉइंट्स प्रतिशत 51.52 से घटकर 50 प्रतिशत रह गया है।
मौजूदा WTC साइकिल में भारत ने 12 मुकाबले खेले हैं। इनमें पांच में जीत, चार में हार और तीन मैच ड्रॉ रहे हैं। टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। इस नतीजे से अगले साल जून में होने वाले WTC फाइनल में पहुंचने की भारत की उम्मीदों को झटका लगा है।
27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में दूसरा टेस्ट
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा और सीरिज का आखिरी टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेला जाएगा। वेलिंगटन में जीत से चूकने के बाद भारतीय टीम इस मुकाबले में वापसी करना चाहेगी। अब सबकी नजरें टीम की प्लेइंग 11 और बॉलिंग कॉम्बिनेशनल पर रहेंगी।