
IND vs WI T20 Series 2026: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद अब पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। वनडे सीरीज को टीम इंडिया ने 2-1 से अपने नाम किया। अब दोनों टीमें टी20 फॉर्मेट में आमने-सामने होंगी। सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को खेला जाएगा। आइए जानते हैं भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले पांचों टी20 मुकाबले कब और कहां खेले जाएंगे और इस सीरीज के लिए भारतीय टीम में कौन-कौन से खिलाड़ी शामिल हैं।
भारतीय टीम हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर लौटी है। फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर गोल्ड अपने नाम किया था। अब टीम इंडिया उसी जीत के आत्मविश्वास के साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में उतरेगी। बीसीसीआई ने इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान पहले ही कर दिया था। टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टी20 मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ में खेला जाएगा। दोनों टीमें मुकाबले की तैयारी में जुट गई हैं। इसके बाद दूसरा टी20 9 अक्टूबर को रांची, तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर, चौथा मैच 14 अक्टूबर को हैदराबाद और पांचवां व आखिरी टी20 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में खेला जाएगा।
और पढ़ें- भारत-पाकिस्तान मैच में दिखा अलग नजारा, क्रिकेट में हैंडशेक नहीं और हॉकी में खिलाड़ियों ने लगाया गले
पहला टी20: 6 अक्टूबर- लखनऊ
दूसरा टी20: 9 अक्टूबर- रांची
तीसरा टी20: 11 अक्टूबर- इंदौर
चौथा टी20: 14 अक्टूबर- हैदराबाद
पांचवां टी20: 17 अक्टूबर- बेंगलुरु
टी20 सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम में एक बदलाव किया गया है। वॉशिंगटन सुंदर की जगह नमन धीर को टीम में शामिल किया गया है। वॉशिंगटन सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी करनी है। ऐसे में उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट खेलने का मौका मिलेगा। रणजी ट्रॉफी सीजन भी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाला है, जिसमें सुंदर अपनी स्टेट टीम के लिए खेल सकते हैं।
भारत की टी20 टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन, तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव और नमन धीर शामिल हैं। अब सभी की नजरें पहले टी20 मुकाबले पर हैं। वनडे सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया टी20 सीरीज में भी अपना दबदबा बनाए रखना चाहेगी।
1. भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज का पहला मैच कब होगा?
पहला टी20 मुकाबला 6 अक्टूबर को खेला जाएगा।
2. पहला भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच कहां होगा?
पहला मुकाबला लखनऊ में खेला जाएगा।
3. टी20 सीरीज में भारत के कप्तान कौन हैं?
श्रेयस अय्यर भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे।