
IND vs ZIM T20 World Cup Match Result: टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप के 8वें सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 00 रन से हरा दिया। इसके साथ ही भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद बनी हुई है। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्बे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने यह मैच 72 रन से जीत लिया। हार्दिक पंड्या को उनके शानदार 50 रन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारतीय टीम को ओपनर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। संजू 15 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा ने 30 गेंद में 55 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के उड़ाए। भारत की पारी में ईशान किशन 38 रन, सूर्यकुमार यादव 33 रन, तिलक वर्मा 44 रन और हार्दिक पांड्या ने 50 रनों का योगदान दिया।
जिम्बाब्बे के खिलाफ टीम इंडिया ने 17 छक्के लगाए। इनमें अभिषेक शर्मा, हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने 4-4, जबकि सूर्यकुमार यादव-संजू सैमसन ने 2-2 और ईशान किशन ने 1 छक्का मारा। वहीं, जिम्बाब्बे की ओर से ओपनर ब्रायन ब्रेनेट ने 6, मरुमानी-सिकंदर रजा ने 2-2 और मुसेकिवा ने 1 छक्का मारा।
जिम्बाब्बे के धुरंधर ओपनर ब्रायन ब्रेनेट ने 59 गेंदों में 97 रनों की जबर्दस्त पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 6 छक्के लगाए। हालांकि, वो टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा सके। उनके अलावा मरुमानी ने 20 रन, कप्तान सिकंदर रजा ने 31 रन और मुनयोंग्या ने 11 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट झटके। उनके अलावा वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे और अक्षर पटेल को 1-1 विकेट मिला।