IPL 2027: हार्दिक पंड्या की छुट्टी! क्या मुंबई इंडियंस में फिर से लौटने वाला है रोहित शर्मा का राज?

Published : Nov 11, 2026, 02:43 PM IST
Mumbai Indians

सार

IPL 2027 के बड़े ट्रेड में मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या को पंजाब भेजा और अर्शदीप सिंह को टीम में लिया। ऐसे में सवाल उठ रहा क्या रोहित शर्मा फिर MI के कप्तान बनेंगे?

MI Captaincy IPL 2027: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) चर्चा में है। पिछले दो सीजन से टीम की कप्तानी कर रहे हार्दिक पंड्या को मुंबई ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। उनकी जगह टीम में तेज गेंदबाज अर्शदीप को शामिल किया गया है। अर्शदीप के आने से मुंबई की बॉलिंग को मजबूती मिल सकती है। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि MI का नया कप्तान कौन होगा? क्या रोहित शर्मा (Rohit Sharma) एक बार फिर से कप्तानी संभालेंगे या फिर सूर्यकुमार यादव या जसप्रीत बुमराह के हाथ टीम की कमान जा सकती है? आइए जानते हैं कि मुंबई इंडियंस में क्या-क्या बदलाव हुए हैं और आगे क्या होने वाला है...

MI और PBKS का ट्रेड: हार्दिक गए पंजाब अर्शदीप आए मुंबई

बुधवार को आईपीएल का एक बहुत बड़ा ट्रेड यानी खिलाड़ियों की अदला-बदली देखने को मिला। मुंबई ने हार्दिक पंड्या को पंजाब किंग्स (PBKS) को सौंप दिया है। इसके बदले में पंजाब के स्टार लेफ्ट-आर्म तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में शामिल हो गए हैं। साल 2024 में कप्तानी संभालने वाले हार्दिक के जाने के बाद, पांच बार की चैंपियन मुंबई फिलहाल बिना कप्तान के है।

हार्दिक पंड्या या अर्शदीप सिंह पैसों के मामले में किसे फायदा हुआ?

हार्दिक को मुंबई में 16.35 करोड़ रुपए सैलरी मिलती थी, जो अब पंजाब में जाने के बाद बढ़कर 18 करोड़ रुपए हो गई है। वहीं, दूसरी तरफ पंजाब किंग्स के सबसे सफल तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस (MI) ने उनकी मौजूदा फीस यानी 18 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया है। इस तरह दोनों ही खिलाड़ी अब अपनी नई टीमों के लिए 18-18 करोड़ रुपए की कीमत पर खेलेंगे।

मुंबई इंडियंस का नया कप्तान कौन होगा?

क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा बहुत तेज है कि रोहित शर्मा फिर से कप्तान बन सकते हैं। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और युवा तिलक वर्मा भी रेस में हैं। हालांकि, मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट ने साफ कर दिया है कि वे जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेंगे। फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, 'आने वाले सीजन को देखते हुए हम कप्तानी के विकल्पों पर सोच-समझकर विचार करेंगे। सही समय आने पर नए कप्तान के नाम का ऐलान किया जाएगा।'

बुमराह और अर्शदीप की जोड़ी IPL 2027 में दिखेगी

अर्शदीप सिंह का मुंबई में आना काफी खास माना जा रहा है। अर्शदीप पंजाब किंग्स के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट (96 मैचों में 111 विकेट) लेने वाले गेंदबाज हैं। अब जब नई गेंद से एक छोर से यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह बॉलिंग करेंगे और दूसरी तरफ से अर्शदीप सिंह कहर बरपाएंगे, तो विरोधी बल्लेबाजों का हाल देखने लायक होगा।

हार्दिक का मुंबई से सफर खत्म

हार्दिक का मुंबई के साथ सफर बहुत यादगार रहा। 2015 में एक युवा खिलाड़ी के तौर पर आए हार्दिक ने टीम को 4 बार चैंपियन बनाने में अहम रोल निभाया था। 2022 में वह गुजरात टाइटंस गए और उसे चैंपियन बनाया। फिर 2024 में कप्तान बनकर मुंबई वापस लौटे, लेकिन अब यह सफर खत्म हो चुका है।

IPL 2027: इन तारीखों पर नजर

17 नवंबर: रिटेंशन की आखिरी तारीख है। इसी दिन साफ होगा कि मुंबई इंडियंस किसे टीम में रख रही है और किसे निकाल रही है।

16 दिसंबर: गोवा में मिनी ऑक्शन (नीलामी) होगा, जहां टीमें अपने बचे हुए स्लॉट भरेंगी।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

IND vs UAE U19: सहवाग के तूफानी शतक से सेमीफाइनल की राह पक्की, भारत ने यूएई को 70 रन से हराया
IND vs UAE U19: 160 रन ठोक आर्यवीर सहवाग ने की गिल की बराबरी! लेकिन नहीं तोड़ पाए 6 दिग्गजों का रिकॉर्ड