
Who is Abhishek Porel: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को गिरफ्तार किया गया है। उन पर रेप, आपराधिक धमकी और अन्य गंभीर अपराधों के आरोपों में दर्ज एक आपराधिक मामले में कार्रवाई हुई है। हुगली ग्रामीण पुलिस के SP कुंवर भूषण सिंह के अनुसार, पुलिस ने अभिषेक पोरेल को दम दम पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले एमामी सिटी से गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
इस मामले में एक महिला ने जून, 2026 में पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि अभिषेक पोरेल ने उससे शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने क्रिकेटर पर मारपीट और आपराधिक धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने PTI से कहा, “हमें शिकायत मिली है और हमने जांच शुरू कर दी है।”
मामला सामने आने के बाद कलकत्ता हाई कोर्ट ने पुलिस को क्रिकेटर को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक पोरेल को गिरफ्तार किया। हालांकि, अभिषेक पोरेल पहले अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार कर चुके हैं। मामले में पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
शिकायत के अनुसार, महिला ने दावा किया कि वह और अभिषेक पोरेल पिछले तीन साल से रिश्ते में थे। महिला के मुताबिक, पिछले साल दोनों के बीच मतभेद शुरू हुए और इसके बाद क्रिकेटर ने कथित तौर पर उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि पोरेल ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन बाद में वह शादी के लिए तैयार नहीं थे। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि शादी का वादा करके पोरेल ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके अलावा उसने क्रिकेटर पर मारपीट और आपराधिक धमकी के आरोप भी लगाए हैं।