
आईपीएल में हर सीजन कुछ खिलाड़ी सिर्फ रन नहीं बनाते, बल्कि अपनी पूरी पहचान बदल देते हैं। IPL 2026 में ईशान किशन ने भी कुछ ऐसा ही किया। सनराइजर्स हैदराबाद का सफर भले ही एलिमिनेटर में खत्म हो गया, लेकिन ईशान किशन ने इस पूरे सीजन में अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया कि वह सिर्फ विस्फोटक बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि बड़े मैचों के खिलाड़ी भी हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार के साथ SRH का अभियान खत्म जरूर हुआ, लेकिन इस सीजन ईशान किशन ने कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जिन्होंने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल कर दिया।
IPL 2026 में ईशान किशन ने 15 पारियों में 602 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 40.13 और स्ट्राइक रेट 182.42 का रहा, जो टी-20 क्रिकेट के लिहाज से बेहद प्रभावशाली माना जाता है। उन्होंने पूरे सीजन में 6 अर्धशतक लगाए और उनका सर्वोच्च स्कोर 91 रन रहा। हालांकि दो मैचों में वह बिना खाता खोले आउट भी हुए, लेकिन इसके बावजूद उनकी निरंतरता SRH के लिए बेहद अहम साबित हुई। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से इस सीजन सबसे ज्यादा रन हेनरिक क्लासेन ने बनाए, जिन्होंने 624 रन बनाए। ईशान किशन इस सूची में दूसरे स्थान पर रहे।
यह भी पढ़ें: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मचा दिया तूफान, 29 गेंदों में 97 रन ठोक रचा इतिहास
ईशान किशन के IPL करियर के लिए यह सीजन खास इसलिए भी रहा क्योंकि उन्होंने पहली बार किसी एक सीजन में 600 रन का आंकड़ा पार किया। इससे पहले उनका सबसे सफल सीजन 2020 था, जब उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 516 रन बनाए थे। उस सीजन भी उनकी बल्लेबाजी ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन IPL 2026 में उन्होंने अपने प्रदर्शन को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इस सीजन ईशान ने सिर्फ आक्रामक बल्लेबाजी ही नहीं दिखाई, बल्कि जिम्मेदारी के साथ लंबी पारियां खेलने की क्षमता भी साबित की।
IPL 2026 की शुरुआत में ईशान किशन ने SRH के लिए कप्तानी भी संभाली थी। अपने कप्तानी डेब्यू मैच में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 80 रन की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही वह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तानी के डेब्यू मुकाबले में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में मनीष पांडे का रिकॉर्ड तोड़ा। मनीष पांडे ने IPL 2021 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 69 रन बनाए थे।
ईशान किशन का रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ रिकॉर्ड भी बेहद खास रहा है। IPL 2026 में उन्होंने RCB के खिलाफ दोनों मुकाबलों में 80 और 79 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने RCB के खिलाफ लगातार 4 पारियों में अर्धशतक लगाने का कारनामा किया। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ डेविड वॉर्नर हैं, जिन्होंने 2014 से 2016 के बीच RCB के खिलाफ लगातार 7 बार 50+ स्कोर बनाए थे। ईशान किशन ने इस मामले में केन विलियमसन की बराबरी कर ली, जिन्होंने RCB के खिलाफ लगातार 4 अर्धशतक लगाए थे।
ईशान किशन ने अपना IPL डेब्यू 2016 में किया था। तब से लेकर अब तक वह लीग के सबसे आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने अब तक 134 मुकाबलों की 127 पारियों में लगभग 30 की औसत से 3600 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके नाम IPL में 23 अर्धशतक और एक शतक दर्ज है। उनका सर्वोच्च स्कोर 106* रन रहा है। ईशान किशन SRH से पहले मुंबई इंडियंस और गुजरात लायंस जैसी टीमों का भी हिस्सा रह चुके हैं। खास बात यह है कि हर टीम में उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से अलग पहचान बनाई।
IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद अब यह चर्चा भी तेज हो गई है कि ईशान किशन की भारतीय टीम में भूमिका और मजबूत हो सकती है। उनकी बल्लेबाजी में इस सीजन जो परिपक्वता दिखी, उसने चयनकर्ताओं का ध्यान जरूर खींचा होगा। खासकर टी-20 फॉर्मेट में उनकी तेजी से रन बनाने की क्षमता उन्हें बेहद खास बनाती है। अगर वह इसी तरह प्रदर्शन जारी रखते हैं, तो आने वाले समय में भारतीय टीम के लिए भी वह बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: क्या अब IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बनने जा रहे हैं वैभव सूर्यवंशी?