Lungi Ngidi Injury: लुंगी एनगिडी की चोट देख सहम गए खिलाड़ी, याद आए क्रिकेट के 6 भयानक हादसे

Published : Apr 25, 2026, 07:18 PM IST
Horrific Cricket Accidents

सार

Lungi Ngidi Injury Update: IPL 2026 में आज खौफनाक मंजर देखने को मिला। दिल्ली vs पंजाब मैच के दौरान लुंगी एनगिडी को गंभीर चोट लग गई, जिसे देख मैदान पर मौजूद खिलाड़ी सहम गए। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। एनगिडी की चोट ने क्रिकेट इतिहास के उन 6 डरावने हादसों की याद दिला दी, जब खिलाड़ियों की मौत हो गई थी। 

Horrific Cricket Accidents: आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच आज शनिवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में एक ऐसा पल आया, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी एक कैच लेने के चक्कर में बुरी तरह चोटिल हो गए। हालत देख मैच को 15 मिनट के लिए रोकना पड़ा और एनगिडी को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाना पड़ा। एनगिडी की चोट ने उन 6 हादसों की यादें ताजा कर दीं, जबने खेल मातम में बदल गया था।

लुंगी एनगिडी के साथ क्या और कैसे हुआ?

दिल्ली और पंजाब के बीच चल रहे मैच की दूसरी पारी का तीसरा ओवर था। अक्षर पटेल की गेंद पर पंजाब के बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने एक शॉट हवा में खेला। मिड-ऑफ पर तैनात लुंगी एनगिडी कैच पकड़ने के लिए पीछे की तरफ भागे। पीछे की ओर दौड़ते हुए उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल जोर से जमीन पर गिरे। गिरते ही उन्होंने अपना सिर पकड़ लिया और दर्द से तड़पने लगे। यह देखकर दोनों टीमों के खिलाड़ी उनके पास दौड़ पड़े। मेडिकल टीम ने तुरंत जांच की और जोखिम न लेते हुए उन्हें स्ट्रेचर के जरिए एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

 

 

क्रिकेट के मैदान पर 6 बड़े हादसे

जॉर्ज समर्स (1870)

क्रिकेट को 'जेंटलमैन गेम' कहा जाता है, लेकिन इतिहास गवाह है कि कभी-कभी यह खेल जानलेवा भी साबित हुआ है। क्रिकेट के शुरुआती दौर में सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं था। इंग्लैंड में नॉटिंघमशायर के 25 साल के जॉर्ज समर्स लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर बल्लेबाजी कर रहे थे। गेंदबाज जॉन प्लम्ब की एक तेज बाउंसर सीधे उनके सिर (कनपटी) पर जा लगी। वह वहीं गिर पड़े, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें लगा कि वह ठीक हैं और वह घर चले गए। दुर्भाग्य से, चोट अंदरूनी थी। घर पहुँचते ही उनकी हालत बिगड़ी और चार दिन बाद सेरेब्रल हेमरेज की वजह से उनकी मौत हो गई। इसी हादसे के बाद पहली बार खिलाड़ियों की सुरक्षा पर बहस शुरू हुई थी।

फ्रेड रैंडन (1885)

19वीं सदी में बाउंड्री पर आज जैसी रस्सियां नहीं होती थीं। डर्बीशायर के मात्र 19 साल के फ्रेडरिक रैंडन एक मैच के दौरान बाउंड्री की तरफ दौड़ते हुए एक कैच पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। रफ्तार इतनी तेज थी कि वह खुद को रोक नहीं पाए और उनका सिर वहां लगे लोहे के एक खंभे (पोल) से टकरा गया। चोट इतनी भीषण थी कि उनके सिर की हड्डी टूट गई और मैदान पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद बाउंड्री के पास से खतरनाक ढांचे हटाए गए और पैडिंग का इस्तेमाल शुरू हुआ।

अब्दुल अजीज (1959)

पाकिस्तान के कराची में एक घरेलू मैच के दौरान 17 साल के विकेटकीपर अब्दुल अज़ीज़ बल्लेबाजी कर रहे थे। एक तेज गेंद सीधे उनकी छाती पर (दिल के पास) लगी। गेंद लगते ही वह बेहोश होकर गिर पड़े। डॉक्टरों के मुताबिक, गेंद के इम्पैक्ट से उनके दिल की धड़कन अचानक रुक गई थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हादसे ने खिलाड़ियों के लिए 'चेस्ट गार्ड' की जरूरत को दुनिया के सामने रखा।

रमन लांबा (1998)

भारत के पूर्व इंटरनेशनल क्रिकेटर रमन लांबा का हादसा आज भी भारतीय फैंस को दुखी कर देता है। ढाका में एक क्लब मैच के दौरान रमन लांबा बिना हेलमेट पहने बल्लेबाज के बेहद करीब (फॉरवर्ड शॉर्ट लेग) फील्डिंग कर रहे थे। बल्लेबाज ने एक तेज शॉट खेला जो सीधे लांबा के माथे पर लगा। चोट लगने के बाद वह खुद चलकर मैदान से बाहर गए थे, लेकिन ड्रेसिंग रूम पहुंचते ही वह कोमा में चले गए। तीन दिन तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद उनका निधन हो गया। इस घटना के बाद आईसीसी ने बल्लेबाज के करीब फील्डिंग करने वालों के लिए हेलमेट अनिवार्य कर दिया।

फिलिप ह्यूज (2014)

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिलिप ह्यूज की मौत आधुनिक क्रिकेट का सबसे दर्दनाक हिस्सा है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर एक घरेलू मैच के दौरान तेज गेंदबाज सीन एबॉट की एक बाउंसर उनके हेलमेट के ठीक नीचे गर्दन के हिस्से में लगी। गेंद लगते ही ह्यूज अपने घुटनों के बल झुके और फिर मुंह के बल जमीन पर गिर पड़े। दो दिन तक अस्पताल में रहने के बाद उनका निधन हो गया। इस हादसे के बाद ही हेलमेट में पीछे की तरफ 'नेक गार्ड' (Neck Guard) लगाना शुरू हुआ, ताकि गर्दन का पिछला हिस्सा सुरक्षित रहे।

बेन ऑस्टिन (2025)

अभी पिछले साल (2025) ही ऑस्ट्रेलिया के 17 साल के उभरते सितारे बेन ऑस्टिन के साथ एक दुखद हादसा हुआ। बेन नेट्स में प्रैक्टिस कर रहे थे और उन्होंने हेलमेट तो पहना था, लेकिन नेक गार्ड नहीं लगाया था। प्रैक्टिस के दौरान एक गेंद सीधे उनकी गर्दन के उसी नाजुक हिस्से पर लगी जहां फिलिप ह्यूज को लगी थी। बेन तुरंत मैदान पर गिर पड़े और लाइफ सपोर्ट पर रहने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

 

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Lungi Ngidi Injury Video: अक्षर पटेल की गेंद, प्रियांश आर्या का शॉट और हादसा..देखें एनगिडी की चोट का पूरा वीडियो
KL Rahul Record: केएल राहुल का तूफानी शतक, पंजाब के सामने 265 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य