
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखने का मामला विवादों में आ गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस फैसले पर धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया था। हालांकि, अब उनकी ही पार्टी की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने उनके बयान की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि राजनीति और खेल को अलग-अलग रखना चाहिए और खिलाड़ियों को राजनीतिक बहस में नहीं घसीटना चाहिए।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शुक्रवार को ANI से बातचीत में दावा किया था कि शानदार प्रदर्शन के बावजूद मोहम्मद सिराज को टीम में जगह नहीं दी गई। उन्होंने इसके पीछे सिराज के नाम को वजह बताते हुए कहा कि अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी किसी खिलाड़ी को नहीं चुना जाता, तो यह भेदभाव है। मसूद ने कहा कि शायद सिराज के नाम की वजह से उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया।
मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने उन्हें खेल में धर्म और राजनीति नहीं लाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेलों का अपना दायरा और खिलाड़ियों के चयन के अपने योग्यता मानक होते हैं। हर खिलाड़ी का अपना संघर्ष होता है। राजनीतिक दांव-पेच अपनी जगह हैं, लेकिन खेल और खिलाड़ियों को राजनीतिक बहस में शामिल करना सही नहीं है। रंजीत रंजन ने कहा कि उन्हें ऐसी राजनीति बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी मसूद के बयान पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कांग्रेस अब क्रिकेट टीम के चयन में भी वोट बैंक की राजनीति कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब रवींद्र जडेजा को भी टीम से बाहर रखा गया, तब इस तरह का आरोप क्यों नहीं लगाया गया। भंडारी ने कहा कि हर क्रिकेटर भारतीय जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करता है और टीम को सांप्रदायिक राजनीति के आधार पर बांटना बंद होना चाहिए।
क्रिकेट दिग्गज सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री ने भी सिराज को पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर सवाल उठाए। गावस्कर ने इस फैसले को हैरान करने वाला बताया, जबकि शास्त्री ने सिराज के अनुभव और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें टीम में शामिल करने की बात कही।