टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को क्रिकेट में पर्याप्त मौके न देने पर पूर्व क्रिकेटर ने गहरी नाराजगी जताई है। कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा टीम मैनेजमेंट पर चयन को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को सीनियर टीम में लगातार मौके नहीं मिलने पर पूर्व क्रिकेटर ने टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं पर सवाल उठाते हुए गहरी नाराजगी जताई है। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत का मानना है कि वैभव के साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, उससे उनका आत्मविश्वास बढ़ने के बजाय कम हो सकता है। 16वें FICCI समिट में बोलते हुए उन्होंने वैभव के चयन और फिर उन्हें टीम से बाहर बैठाने के तरीके पर नाराजगी जताई।
एक मैच खिलाते हैं, 5 में बाहर बैठा देते हैं- श्रीकांत
श्रीकांत ने कहा कि किसी युवा खिलाड़ी को एक मैच खिलाने के बाद अगले पांच मैचों तक बाहर रखना सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट वैभव के साथ जो कर रहे हैं, वह बिल्कुल गलत है।
वे उसे प्रोत्साहित करने के बजाय हतोत्साहित कर रहे हैं। यह बहुत बड़ी गलती है।
उन्होंने कहा, "एक मैच खिलाते हैं, फिर पांच मैच नहीं खिलाते। ऐसा नहीं होना चाहिए। यह दुखद है।"
'वैभव को 20 पारियां दो 5-7 मैच अकेले दम पर जिताएगा'
श्रीकांत ने वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और उनके निडर खेल पर भरोसा जताया। उनका मानना है कि इस युवा बल्लेबाज में हर फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता है।
उन्होंने टीम मैनेजमेंट को सलाह दी कि वैभव को बिना किसी दबाव और डर के लगातार खेलने का मौका दिया जाना चाहिए।
श्रीकांत ने कहा, "इस लड़के ने आपके लिए इतना शानदार काम किया है, इसे सारे मैच खेलने दो।
क्या आपका मतलब है कि वह टेस्ट या वनडे खेलने के लायक नहीं है? वह 100 फीसदी अच्छा वनडे क्रिकेट खेलेगा।
उसे 20 पारियां दो और कहो कि तुम्हें ड्रॉप नहीं किया जाएगा, तुम जो चाहो करो। वह लड़का अकेले दम पर आपको पांच से सात मैच जिता देगा।"
वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए दर्शकों में जबरदस्त क्रेज
श्रीकांत ने यह भी कहा कि वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी देखने के लिए दर्शकों में काफी उत्साह रहता है। वह जहां भी खेलने जाते हैं, उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। उनके मुताबिक, अगर वैभव टेस्ट क्रिकेट में भी सफल हो जाते हैं, तो इससे केवल भारतीय क्रिकेट को ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में टेस्ट क्रिकेट को नई पॉपुलैरिटी मिल सकती है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खेले थे वैभव
बता दें कि वैभव सूर्यवंशी आखिरी बार सीनियर भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खेले थे। इस सीरीज में उन्होंने दो मुकाबलों में कुल 49 रन बनाए थे। फिलहाल वह कतर में आयोजित राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भारत 'ए' की ओर से खेल रहे हैं।