MS Dhoni News : महेंद्र सिंह धोनी अब CSK में मेंटर की भूमिका निभाएंगे। यानि उन्होंने बतौर खिलाड़ी IPL को अलविदा कह दिया है। तो आइए जानते हैं, उनसे पहले टीम में यह जिम्मेदारी किसके पास थी और उसे कितनी फीस मिलती थी? BCCI उनको कितनी पेंशन देता है?
महेंद्र सिंह धोनी अब IPL में खिलाड़ी के तौर पर नजर नहीं आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 17 नवंबर 2026 को उन्हें IPL 2027 के लिए टीम मेंटर बनाने का ऐलान किया है। करीब 18 साल तक मैदान पर अपने खेल और कप्तानी से पहचान बनाने वाले धोनी अब टीम के युवा खिलाड़ियों को अपने अनुभव से तैयार करेंगे। लेकिन इस नई भूमिका के लिए उन्हें कितनी फीस मिलेगी? और BCCI से उन्हें हर महीने कितनी पेंशन मिलती है?
CSK मेंटर बनने पर कितनी मिलेगी फीस?
धोनी की नई भूमिका की घोषणा तो CSK ने कर दी है, लेकिन फ्रेंचाइजी ने अभी तक उनकी मेंटर फीस या सालाना कॉन्ट्रैक्ट की रकम सार्वजनिक नहीं की है। इसलिए यह कहना मुश्किल है कि उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए कितने रुपये मिलेंगे।
धोनी करीब दो दशक से CSK परिवार का हिस्सा हैं। टीम के मालिक एन श्रीनिवासन ने भी साफ किया है कि धोनी हमेशा फ्रेंचाइजी की पहचान बने रहेंगे। टीम में युवा खिलाड़ियों की मौजूदगी को देखते हुए उनका अनुभव और मार्गदर्शन काफी अहम माना जा रहा है।
CSK के मेंटर को मिलती इतनी फीस?
बता दें कि स्टीफन फ्लेमिंग अभी तक चेन्नई सुपर किंग टीम के मेंटर थे, जो टीम में एक अहम भूमिका निभाते थे, वह 2009 से 2026 तक हेड कोच भी रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लेमिंग की फीस करीब 3.5 करोड़ रुपये प्रति सीजन थी। तो जाहिर सी बात है कि एमएस धोनी को इससे ज्यादा ही फीस मिलेगी। क्योंकि उन्होंने टीम को कहां से कहां पहुंचाया है।
BCCI से कितनी मिलती है पेंशन?
धोनी की कमाई का एक दूसरा पहलू BCCI की पेंशन योजना भी है। BCCI ने जून 2022 में पूर्व क्रिकेटरों और अंपायरों की मासिक पेंशन बढ़ाई थी। इसके तहत 25 या उससे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले पात्र पूर्व पुरुष क्रिकेटरों को हर महीने 70 हजार रुपये दिए जाते हैं।
धोनी ने भारतीय टीम के लिए 90 टेस्ट मैच खेले हैं। इस लिहाज से वह 25 से ज्यादा टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ियों की श्रेणी में आते हैं। इस श्रेणी की पेंशन राशि 70 हजार रुपये प्रतिमाह है।
धोनी की कमाई के हैं कई रास्ते
धोनी की पहचान सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है। वह विज्ञापन, ब्रांड एंडोर्समेंट और कारोबारी गतिविधियों से भी जुड़े हैं। IPL में खिलाड़ी के रूप में उनका सफर भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन CSK के साथ उनका रिश्ता जारी रहेगा। अब देखना होगा कि मेंटर के रूप में माही की नई पारी टीम के लिए कितनी कामयाब साबित होती है।