
MS Dhoni CSK Mentor: महेंद्र सिंह धोनी के करोड़ों फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। IPL में करीब 17 साल तक अपने बल्ले, विकेटकीपिंग और कप्तानी से जलवा दिखाने वाले धोनी अब खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर नजर नहीं आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने IPL 2027 से पहले उन्हें टीम का मेंटर नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है। अब धोनी युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और अपने अनुभव से टीम को सही दिशा दिखाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता बेहद खास रहा है। साल 2008 में IPL की शुरुआत के साथ ही धोनी चेन्नई की टीम से जुड़े थे। उनकी कप्तानी में CSK ने पांच बार IPL का खिताब अपने नाम किया। टीम ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में ट्रॉफी जीती। CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने धोनी को टीम की पहचान बताते हुए कहा कि उनके बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना करना मुश्किल है। वहीं, रूपा गुरुनाथ ने कहा कि धोनी जैसा खिलाड़ी जिंदगी में एक बार ही आता है। टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर के.एस. विश्वनाथन ने भी धोनी की कप्तानी और उनके योगदान को याद किया।
OFFICIAL ANNOUNCEMENT 🦁💛
A once-in-a-lifetime player.
A new role. A bond that lasts forever 💛
Mahendra Singh Dhoni takes charge as the Team Mentor of Chennai Super Kings!
Through countless victories, challenging times, and memories that will stay in our hearts forever, MS has been at the heart of our journey from the very beginning.
From leading us to glory to guiding the next generation of Super Kings, Thala will always be a part of our identity. And Chennai will always be his home.
Read more : https://t.co/YKsoHYE51A
#WhistlePodu
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) November 17, 2026
धोनी ने अपने IPL करियर में कुल 278 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 242 पारियों में 5,439 रन बनाए। उनका बल्लेबाजी औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा। IPL में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन नाबाद है। उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए। वहीं, उनके बल्ले से 375 चौके और 264 छक्के निकले। विकेटकीपिंग में भी धोनी का रिकॉर्ड शानदार रहा। उन्होंने IPL में 158 कैच पकड़े और 47 बल्लेबाजों को स्टंप आउट किया। इसके अलावा, वह 100 पारियों में नाबाद लौटे।
धोनी ने साल 2008 से 2025 के बीच CSK की कप्तानी करते हुए कुल 244 मैचों में टीम का नेतृत्व किया। इनमें चेन्नई को 145 मुकाबलों में जीत मिली। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार IPL ट्रॉफी जीती। धोनी ने अपनी सूझबूझ और शांत स्वभाव से चेन्नई को लीग की सबसे सफल टीमों में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई।
धोनी की पहचान सिर्फ उनके रिकॉर्ड और ट्रॉफियों तक सीमित नहीं है। उनका शांत स्वभाव, मुश्किल समय में सही फैसला लेने की क्षमता और मैच का रुख बदलने का अंदाज उन्हें खास बनाता है। अब IPL 2027 में फैंस उन्हें पीली जर्सी में खेलते हुए नहीं देख पाएंगे। हालांकि, मेंटर के रूप में उनका अनुभव CSK के लिए काफी अहम होगा। खिलाड़ी के तौर पर उनका सफर भले ही खत्म हो रहा है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ माही की नई पारी शुरू होने जा रही है।