धोनी के बाद अब अगला नंबर किसका? जानिए कब तक IPL खेलते दिख सकते हैं विराट कोहली और रोहित शर्मा

Published : Nov 17, 2026, 05:16 PM IST
Dhoni Kohli Rohit

सार

MS Dhoni के IPL से रिटायरमेंट के बाद अब विराट कोहली और रोहित शर्मा पर फैंस की नजरें हैं। जानें उम्र और फिटनेस के हिसाब से कब तक आईपीएल खेलते दिख सकते हैं दोनों दिग्गज।

Rohit Sharma and Virat Kohli IPL: महेंद्र सिंह धोनी के IPL से संन्यास लेने के बाद भारतीय क्रिकेट में एक बड़े दौर का अंत हो गया है। पिछले 19 साल से हर सीजन में पीली जर्सी पहनकर मैदान में उतरने वाले 'थाला' अब अगले सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मेंटर के रोल में नजर आएंगे। लेकिन धोनी की विदाई ने करोड़ों क्रिकेट फैंस के मन में एक नया और बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि माही के बाद अब अगला नंबर किसका? 2008 में IPL की शुरुआत से ही इस लीग की शान बढ़ाने वाले अब सिर्फ दो सबसे बड़े सुपरस्टार मैदान पर बचे हैं, विराट कोहली (RCB) और दूसरे रोहित शर्मा (MI)। टी-20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले चुके ये दोनों दिग्गज आखिर कब तक IPL खेलते नजर आएंगे? आइए उनकी उम्र, फिटनेस और आगामी टूर्नामेंट्स से समझते हैं...

रोहित शर्मा: कब तक जारी रहेगा 'हिटमैन' का सफर?

मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा अप्रैल 2026 में 39 साल के हो चुके हैं। वे 2008 से लगातार IPL खेल रहे हैं और इस लीग के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं।

क्या कहती है उम्र और फिटनेस

जानकारों के अनुसार, 39 साल की उम्र के बाद किसी भी बल्लेबाज के लिए तेज-तर्रार टी-20 क्रिकेट में अपनी रिफ्लेक्स और फिटनेस बनाए रखना आसान नहीं होता है। हालांकि 'इम्पैक्ट प्लेयर' (Impact Player) नियम ने रोहित जैसे सीनियर बल्लेबाजों का काम काफी आसान कर दिया है, क्योंकि उन्हें पूरे 20 ओवर फील्डिंग करने की जरूरत नहीं पड़ती है।

रोहित शर्मा कब तक खेल सकते हैं?

क्रिकेट जानकारों और मौजूदा हालात को देखें तो रोहित शर्मा अगला सीजन (IPL 2027) या ज्यादा से ज्यादा 2028 के मेगा ऑक्शन साइकिल तक खेलते नजर आ सकते हैं। इसके बाद वे भी धोनी की तरह मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ या मेंटर की भूमिका में दिखें तो किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए।

विराट कोहली: अभी कितने साल IPL और खेल सकते हैं?

नवंबर 2026 में 38 साल के हुए विराट कोहली अपनी गजब की फिटनेस के लिए जाने जाते हैं। 2008 से आज तक वे इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जो एक ही टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेले हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी विराट की रनिंग बिटवीन द विकेट और फील्डिंग किसी 22 साल के युवा खिलाड़ी को टक्कर देती है। इंटरनेशनल टी-20 छोड़ने के बाद अब उन पर वर्कलोड भी काफी कम है, जिससे वे पूरी तरह फ्रेश होकर IPL में उतर सकते हैं।

विराट कोहली कब तक खेल सकते हैं IPL?

क्रिकेट का जानकारों का कहना है कि विराट की फिटनेस को देखते हुए ये कहना गलत नहीं होगा कि वे आसानी से अगले 2 से 3 सीजन यानी 2028-2029 तक मैदान पर चौके-छक्के लगाते दिख सकते हैं। वे जब तक पूरी तरह फिट हैं और टीम के लिए मैच जिता रहे हैं, तब तक शायद ही संन्यास का फैसला लें।

क्या 2028 का मेगा ऑक्शन बनेगा आखिरी पड़ाव?

IPL का मौजूदा 3 साल का साइकिल (2025 से 2027) अगले सीजन के बाद खत्म हो जाएगा। इसके बाद IPL 2028 के लिए फिर से मेगा ऑक्शन होगा। टीम मैनेजमेंट उस समय अगले 3 साल के भविष्य को ध्यान में रखकर युवा खिलाड़ियों पर दांव लगाएगा। ऐसे में संभावना यही है कि 2027 या 2028 का सीजन रोहित शर्मा और विराट कोहली के शानदार IPL करियर का आखिरी पड़ाव साबित हो सकता है।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल खिलाड़ियों की मौजूदा उम्र, फिटनेस और क्रिकेट के मौजूदा समीकरणों के आधार पर तैयार किया गया है। विराट कोहली या रोहित शर्मा की ओर से अभी तक IPL से संन्यास को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

कौन हैं CSK की मालकिन रूपा गुरुनाथ? जिनसे धोनी ने वीडियो कॉल पर कहा- मुझे रिलीज कर दो
धोनी के बाद CSK में कौन पहनेगा नंबर-7 की जर्सी, माही किस खिलाड़ी को सौंपेंगे अपनी विरासत?