
MS Dhoni CSK Batting Coach News: इंडियन प्रीमियम लीग (IPL) में महेंद्र सिंह धोनी का नाम आते ही फैंस के मन में एक ही सवाल आता है कि क्या माही अगले सीजन में मैदान पर खेलते नजर आएंगे या फिर टीम को बाहर से संभालेंगे? अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में उनकी भूमिका को लेकर एक नई चर्चा शुरू हो गई है। खबर है कि धोनी आने वाले समय में टीम के बैटिंग कोच और मेंटर की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। CSK ने IPL के 20वें सीजन के लिए अपने नए कोचिंग स्टाफ का ऐलान कर दिया है। टीम ने जहीर खान को हेड कोच बनाया है। उनके साथ मोहित शर्मा, गैरेथ बैटी और एल्बी मोर्कल भी कोचिंग टीम का हिस्सा होंगे। लेकिन इस लिस्ट में बैटिंग कोच की जगह खाली है। इसी बात को लेकर CSK के पूर्व खिलाड़ी सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने बड़ा दावा किया है। उनका मानना है कि टीम ने जानबूझकर बैटिंग कोच की नियुक्ति नहीं की है, क्योंकि यह जिम्मेदारी महेंद्र सिंह धोनी को दी जा सकती है।
CSK के लिए छह साल तक खेल चुके सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा कि टीम में तीन असिस्टेंट कोच हैं, लेकिन बैटिंग कोच नहीं रखा गया है। बद्रीनाथ के मुताबिक, उन्हें लगता है कि धोनी टीम के मेंटर के साथ-साथ बैटिंग कोच की भूमिका भी निभा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि फ्रेंचाइजी के CEO ने साफ किया है कि टीम अब अपने कोचिंग स्टाफ में कोई नया नाम नहीं जोड़ेगी। ऐसे में बद्रीनाथ का मानना है कि धोनी को ही यह जिम्मेदारी देने की योजना हो सकती है। हालांकि, CSK की तरफ से अभी तक धोनी को बैटिंग कोच बनाए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जहीर खान: टीम के नए हेड कोच
मोहित शर्मा: असिस्टेंट कोच
गैरेथ बैटी: असिस्टेंट कोच
एल्बी मोर्कल: असिस्टेंट कोच
धोनी IPL में अब भी एक्टिव खिलाड़ी हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी फिटनेस लगातार चर्चा में रही है। उन्होंने IPL 2025 के बाद कोई प्रोफेशनल मैच नहीं खेला। IPL 2026 की शुरुआत में चोट के कारण वह शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहे। इसके बाद वॉर्म-अप मैच के दौरान उन्हें फिर चोट लग गई, जिसके चलते वह पूरे सीजन से बाहर हो गए। ऐसे में IPL 2027 में उनकी वापसी को लेकर फैंस की नजरें बनी हुई हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि वह अगले सीजन में खिलाड़ी के तौर पर उतरेंगे या किसी दूसरी भूमिका में टीम का साथ देंगे।
धोनी के IPL करियर को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वह IPL 2027 के बाद क्रिकेट को अलविदा कह देंगे? CSK ने IPL 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले उन्हें अनकैप्ड खिलाड़ी की कैटेगरी में 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। उनका यह कॉन्ट्रैक्ट तीन साल का है। ऐसे में माना जा रहा है कि धोनी IPL 2027 तक टीम के साथ बने रह सकते हैं। इसके बाद ही उनके खेलने को लेकर कोई बड़ा फैसला सामने आ सकता है। धोनी अगस्त 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच 2019 वनडे वर्ल्ड कप में खेला था। वहीं, घरेलू क्रिकेट में भी वह 2017 के बाद नजर नहीं आए हैं।
CSK के पास अब संजू सैमसन (Sanju Samson) के रूप में एक मजबूत विकेटकीपर-बल्लेबाज भी मौजूद हैं। ऐसे में टीम के पास विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालने का दूसरा विकल्प है। इसका फायदा धोनी को मिल सकता है। वह चाहें तो मैदान पर खेलने के बजाय ड्रेसिंग रूम में रहकर खिलाड़ियों को गाइड कर सकते हैं। कप्तानी और बड़े मैचों का उनका अनुभव CSK के युवा खिलाड़ियों के काफी काम आ सकता है। धोनी ने अपनी कप्तानी में CSK को पांच बार IPL चैंपियन बनाया है। उन्होंने 2024 में कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बावजूद टीम के फैसलों और खिलाड़ियों को संभालने में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है।