
RCB vs GT Qualifier 1 Live Match: IPL 2026 का पहला क्वालीफायर मुकाबला आज हो रहा है। धर्मशाला के मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस के बीच फाइनल में पहुंचने की आर-पार की जंग है। एक तरफ विराट कोहली का जलवा, तो दूसरी तरफ शुभमन गिल की कप्तानी है। इस मैच को करोड़ों फैंस लाइव जियोहॉटस्टार या स्टार स्पोर्ट्स पर देख सकते हैं। अगर आपके पास ये ऐप या लाइव देखने को सुविधा नहीं है, तो सावधान हो जाइए। इस महामुकाबले के रोमांच के बीच साइबर ठग (Cyber Criminals) भी एक्टिव हो गए हैं। फ्री में लाइव मैच दिखाने के नाम पर इंटरनेट पर ऐसे कई फेक ऐप्स और खतरनाक लिंक्स तैर रहे हैं, जो आपके बैंक अकाउंट को एक झटके में खाली कर सकते हैं। अगर आप भी मोबाइल पर फ्री मैच देखने का तरीका ढूंढ रहे हैं, तो यह आर्टिकल पढ़ लीजिए ताकि आपका मजा किरकिरा न हो जाए।
मैच शुरू होते ही वॉट्सऐप (WhatsApp), टेलीग्राम (Telegram) और फेसबुक पर धड़ाधड़ कुछ मैसेज शेयर होने लगते हैं। इनमें लिखा होता है, 'JioHotstar का सब्सक्रिप्शन नहीं है? कोई बात नहीं, इस लिंक पर क्लिक करें और बिल्कुल मुफ्त में HD क्वालिटी में देखें विराट कोहली का मैच!' इसके अलावा डायरेक्ट लाइव मैच की लिंक्स भी शेयर की जाती हैं। जैसे ही आप लालच में आकर उस लिंक या ऐप पर जाते हैं, आपके साथ बड़े धोखे हो सकते हैं।
फर्जी ऐप्स (Fake APK Files)
ये ऐप्स गूगल प्ले स्टोर (Google Play Store) पर नहीं होते। इन्हें किसी अनजान वेबसाइट से डाउनलोड कराया जाता है। इंस्टॉल होते ही ये आपके फोन के मैसेज, गैलरी और बैंक डिटेल्स को चोरी कर लेते हैं।
मैलवेयर और वायरस (Malware Attack)
अगर आप लाइव मैच देखने का लालच करते ही किसी भी लिंक पर क्लिक कर देते हैं, तो खतरे में पड़ सकते हैं। कई अनसेफ लिंक्स पर क्लिक करते ही फोन में बैकग्राउंड में वायरस डाउनलोड हो जाता है, जिससे आपका फोन हैक हो सकता है।
ओटीपी फ्रॉड (OTP Fraud)
कुछ साइट्स मैच चालू करने के नाम पर आपका मोबाइल नंबर मांगती हैं और आपके बैंक या यूपीआई (UPI) से पैसे काटने के लिए गुपचुप तरीके से ओटीपी भेजकर उसे एंटर करवा लेती हैं।