
IPL 2026 में मुंबई इंडियंस और उसके फैंस के लिए बुरी खबर है। सूत्रों के अनुसार, रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण अगले 2 मैच में नहीं खेलेंगे। रोहित का बाहर होना टीम के लिए बड़ी चिंता की बात है। दरअसल, रोहित शर्मा को यह चोट रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान लगी। वह अपनी पारी के बीच में ही दर्द के कारण मैदान छोड़कर बाहर चले गए थे। इस मैच में हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम को 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
मुंबई इंडियंस को अब अपने अगले मुकाबलों में रोहित की कमी खल सकती है। टीम 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स और 20 अप्रैल को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेलेगी। इन अहम मैचों में रोहित की गैरमौजूदगी टीम पर भारी पड़ सकती है।
रोहित शर्मा ने IPL 2026 में अब तक चार मैचों में 45.67 की औसत और 165.06 के स्ट्राइक रेट से 137 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया है और टीम के लिए अच्छी शुरुआत दी है।
IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ा और पहली बार सीजन का पहला मैच जीता। लेकिन इसके बाद टीम को लगातार तीन मैचों में हार झेलनी पड़ी है।
अब मुंबई इंडियंस का सामना शानदार फॉर्म में चल रही पंजाब किंग्स से होगा। टीम रोहित शर्मा के बिना अपने प्रदर्शन को सुधारने और टूर्नामेंट में वापसी करने की कोशिश करेगी। मुंबई इंडियंस को मौजूदा स्थिति से बाहर निकलने के लिए पूरे टीम के बेहतर प्रदर्शन की जरूरत है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में सुधार जरूरी है ताकि टीम जीत की पटरी पर लौट सके। हाल के मैचों में मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी समस्या पावरप्ले में कमजोर प्रदर्शन रही है। टीम को नई रणनीति बनाकर इस कमजोरी को जल्द दूर करना होगा।
जसप्रीत बुमराह की फॉर्म भी टीम के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने रन तो काबू में रखे हैं, लेकिन चार मैचों में अब तक एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं। टीम के पास ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या जैसे अनुभवी गेंदबाज हैं, लेकिन इसके बावजूद गेंदबाजी आक्रमण उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहा है।