
Rohit Sharma Hundred, Vijay Hazare Trophy 2025-26: रोहित शर्मा ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के अपने पहले मुकाबले में धमाकेदार अंदाज में शतक जड़ा है। सिक्किम के खिलाफ रन चेज में उन्होंने 62 गेंदों पर अपनी सेंचुरी पूरी की है। मुंबई और सिक्किम के बीच मुकाबला जयपुर के सवाई मान सिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए सिक्किम की टीम 7 विकेट खोकर 238 रनों का लक्ष्य मुंबई के सामने रखा, जवाब में रोहित ने अपना रौद्र रूप दिखाया। इसी का इंतजार फैंस काफी बेसब्री से कर रहे थे। लंबे समय के बाद उन्होंने घरेलू टूर्नामेंट में अपना जलवा दिखाया है।
सिक्किम के खिलाफ बतौर सलामी रनों का पीछा करने उतरे रोहित शर्मा पहली ही गेंद से लय में नजर आ रहे थे। लगातार चौके और छक्के लगाते हुए सिर्फ 27 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। रोहित इस समय शानदार फॉर्म से गुजर रहे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी वनडे सीरीज में उनका बल्ला जमकर बोला था। 3 मैचों की सीरीज में 2 फिफ्टी जड़ी थी। अब विजय हजारे ट्रॉफी में एक शानदार शतक लगाकर अपने लय को बरकरार रखा है। उनका बल्ला अब दिखा रहा है, कि जो सामने आएगा उसकी कुटाई होनी तय है।
मुंबई की ओर से खेल रहे रोहित शर्मा ने काफी शानदार अंदाज में अपना शतक लगाया है। 27 गेंदों पर फिफ्टी पूरी करने के बाद भी उन्होंने अपना खेल नहीं बदला। वो गेंदबाजों को सोच-समझकर खेले और 62 गेंदों में शतक लगा दिया। रोहित के लिस्ट ए करियर का यह 37वां शतक है। अभी भी वो 70 गेंदों पर 120 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और मुंबई को पहले मुकाबले में जीत की ओर तेजी से बढ़ा रहे हैं। शतक तक उन्होंने 8 छक्के लगाए। वहीं, 10 चौके भी उनके बल्ले से निकले हैं।
रोहित शर्मा इस समय सिर्फ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट ही खेल रहे हैं। टेस्ट और टी20i से काफी समय पहले रिटायर हो चुके हैं। आईसीसी मेंस टी20i वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद उन्होंने इस फॉर्मेट को अलविदा कहा था, उसके बाद इसी साल 2025 में रेड बॉल क्रिकेट से संन्यास ले लिया। अब सिर्फ 50-50 ओवर फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए खेल रहे हैं। वहीं, आईपीएल में अभी भी खेलते हुए नजर आएंगे।
और पढ़ें- 14 छक्के, SR. 320... ईशान किशन का गरजा बल्ला; 39 गेंद तक रहम की भीख मांगते रहे गेंदबाज