
मुंबई: IPL खत्म होते ही क्रिकेट की दुनिया में सबसे बड़ी चर्चा यही है कि भारतीय T20 टीम का अगला कप्तान कौन होगा। T20 वर्ल्ड कप जिताने के बावजूद, कप्तान सूर्यकुमार यादव की हालिया खराब फॉर्म उनकी कप्तानी के लिए खतरा बन गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूर्या की जगह लेने के लिए पहले श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन का नाम सबसे आगे था, लेकिन IPL के बाद अब समीकरण बदल गए हैं। माना जा रहा है कि संजू के लिए कुछ बातें उनके खिलाफ जा सकती हैं। जैसे, IPL में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दो सेंचुरी लगाकर टॉप स्कोरर बनने के बावजूद उनकी टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई। साथ ही, एक ओपनर के तौर पर वह अहम मैचों में कमाल नहीं दिखा सके।
गुजरात को IPL फाइनल तक ले जाने वाले शुभमन गिल का नाम कप्तानी की रेस में फिर से सबसे आगे आ गया है। उनके अलावा, श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के नामों की भी चर्चा है। संजू का नाम T20 वर्ल्ड कप में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का अवॉर्ड जीतने के बाद कप्तानी के लिए उछला था। वर्ल्ड कप के बाद IPL में भी जब सूर्यकुमार का बल्ला खामोश रहा और संजू ने चेन्नई के लिए दो शतक जड़ दिए, तो फैंस को यकीन हो गया था कि वही अगले कप्तान होंगे। लेकिन, 'टाइम्स ऑफ इंडिया' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, T20 फॉर्मेट में संजू की 'कंसिस्टेंसी की कमी' को लेकर सिलेक्टर्स और BCCI के बड़े अधिकारी अब भी चिंतित हैं।
वर्ल्ड कप में सूर्यकुमार की कप्तानी में अक्षर पटेल टीम के वाइस-कैप्टन थे। लेकिन IPL में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर उनका प्रदर्शन फीका रहा। इसलिए अब माना जा रहा है कि कप्तानी के लिए उनके नाम पर विचार नहीं किया जाएगा। अब सिलेक्टर्स की नजर में हैदराबाद की शुरुआती कप्तानी करने वाले ईशान किशन, गुजरात को फाइनल तक पहुंचाने वाले शुभमन गिल और IPL की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन करने वाले पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट कहती है कि वर्ल्ड कप के शानदार प्रदर्शन का फायदा संजू को मिल सकता है, लेकिन उनके करियर में निरंतरता की कमी ने BCCI के बड़े अधिकारियों को पूरी तरह से संतुष्ट नहीं किया है। बता दें कि इस सीजन में संजू ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 43.36 की औसत और 165.63 के स्ट्राइक रेट से 477 रन बनाए थे।