
India vs Pakistan Women Records Asia Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो और चर्चा सिर्फ जीत-हार तक सीमित रहे, ऐसा कम ही होता है। महिला एशिया कप में भी शनिवार को कुछ ऐसा ही देखने को मिला। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को सिर्फ 55 रन पर समेट दिया और फिर 56 रन का छोटा सा टारगेट महज 8.4 ओवर में हासिल कर लिया। लेकिन इस मैच में भारत की जीत से भी ज्यादा चर्चा शेफाली वर्मा के नाम की रही। महज 22 साल 220 दिन की उम्र में शेफाली ने ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जिसे हासिल करना किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 3,000 रन पूरे कर लिए और यह मुकाम हासिल करने वाली दुनिया की सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं।
भारत को जीत के लिए सिर्फ 56 रन चाहिए थे। शेफाली वर्मा क्रीज पर आईं तो पाकिस्तान के खिलाफ दबाव बनाने के बजाय उन्होंने अपने पुराने अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी। सादिया इकबाल की पहली गेंद पर ही शेफाली ने लॉन्ग ऑफ के ऊपर से शानदार छक्का जड़ दिया। इसके बाद सिंगल लेकर उन्होंने अपने T20I करियर के 3,000 रन पूरे कर लिए। इस एक रन के साथ शेफाली ने महिला T20 क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 22 साल 220 दिन की उम्र में 3,000 T20I रन पूरे करने वाली शेफाली दुनिया की सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं। वह इस क्लब में पहुंचने वाली कुल 16वीं महिला क्रिकेटर हैं।
🚨 SHAFALI VERMA VS PAKISTAN'S PREMIUM SPINNER SADIA IQBAL 🚨
Women's T20 World Cup 2026 - First ball Six vs Sadia Iqbal
Women's Asia Cup 2026 - First ball Six vs Sadia Iqbal
- Whenever Shafali sees Sadia, she starts with a SIX🔥#INDvsPAK pic.twitter.com/TGitenaIlw— Ajay Jadeja (@AjayJadeja171) September 5, 2026
शेफाली से पहले सिर्फ दो भारतीय महिला बल्लेबाज इस मुकाम तक पहुंची थीं। स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बाद अब शेफाली वर्मा भी महिला T20I में 3,000 रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं। खास बात यह है कि शेफाली ने यह उपलब्धि दोनों से काफी कम उम्र में हासिल की।
शेफाली के लिए यह पल जितना शानदार था, उनकी पारी उतनी लंबी नहीं चली। 3,000 रन पूरे करने के बाद वह ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सकीं। फातिमा सना की गेंद पर शेफाली 12 रन बनाकर आउट हो गईं। गेंद पिच होने के बाद थोड़ी रुककर आई और शेफाली के बल्ले का किनारा लेकर वापस गेंदबाज के पास चला गया।
शेफाली का योगदान सिर्फ बल्ले तक सीमित नहीं रहा। मैच में पहले बैटिंग कर रही पाकिस्तान की टीम जब 27 रन पर बिना किसी नुकसान के खेल रही थी, तब शेफाली ने ही पहली सफलता दिलाई। उन्होंने मुनीबा अली को 13 रन पर बोल्ड कर भारतीय टीम को वह जरूरी ब्रेकथ्रू दिया, जिसके बाद पाकिस्तानी बैटिंग लाइन-अप बिखर गया।