
Saliva Ban In Test Cricket: भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टेस्ट क्रिकेट में गेंद को चमकाने के लिए लार (Saliva) के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग की है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद गिल ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान लगाया गया यह नियम अब बदल दिया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, मौजूदा समय में गेंदबाजों के लिए गेंद को चमकदार बनाए रखना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए इस टेस्ट मैच में पांच दिनों के दौरान कुल 1,327 रन बने, जबकि दोनों टीमों के 24 विकेट ही गिरे। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 720/9 रन बनाकर पारी घोषित की, जो न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट क्रिकेट में किसी टीम का सबसे बड़ा पारी स्कोर रहा।
मैच ड्रॉ होने के बाद शुभमन गिल ने कहा कि अगर गेंद को चमकाने और उसकी स्थिति बनाए रखने के लिए लार के इस्तेमाल की अनुमति नहीं मिलती है, तो खासकर ऐसी पिचों पर गेंदबाजों का काम बेहद मुश्किल हो जाता है। गिल ने कहा, "मेरा मानना है कि खिलाड़ियों और टीमों को गेंद पर लार का इस्तेमाल करने की अनुमति मिलनी चाहिए। यह नियम कोविड के दौरान बनाया गया था। अब उस दौर को काफी समय बीत चुका है।" उन्होंने आगे कहा, "अगर 25 से 30 ओवर के बाद गेंद नरम पड़ने लगे या उसका आकार बिगड़ने लगे और आप उसे ठीक से बनाए भी न रख सकें, साथ ही लार का इस्तेमाल करने की अनुमति भी न हो, तो गेंदबाजों के लिए परिस्थितियां बेहद कठिन हो जाती हैं।"
और पढे़ं- IND vs NZ: मोहम्मद सिराज को क्यों नहीं मिला वेलिंगटन टेस्ट में मौका? शुभमन गिल ने खोला राज
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने भी माना कि इस टेस्ट मैच के दौरान गेंद काफी जल्दी नरम पड़ रही थी। हालांकि, उन्होंने लार के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध को हटाए जाने को लेकर कोई निश्चित राय नहीं दी। लैथम ने कहा, "शायद मैच के पहले दिन को छोड़कर पूरे मुकाबले में गेंद लगातार नरम होती रही।" उन्होंने आगे कहा, "लेकिन नियमों और शर्तों की बात करें, तो मुझे नहीं पता कि दुनिया ने जिस दौर का सामना किया है, उसके बाद लार के इस्तेमाल से जुड़ा नियम बदलेगा या नहीं।"
दोनों टीमों के कप्तानों ने इस बात को स्वीकार किया कि पिछले कुछ सालों में टेस्ट मैचों में इस्तेमाल होने वाली गेंद अपेक्षाकृत जल्दी नरम पड़ती दिखाई दे रही है। इससे गेंद को चमकदार बनाए रखना और स्विंग हासिल करना फील्डिंग टीमों के लिए चुनौती बन गया है। वेलिंगटन टेस्ट में यह समस्या और बढ़ गई, क्योंकि पिच सूखी थी और मैच आगे बढ़ने के साथ उसकी गति लगातार धीमी होती गई। पिच में ऐसी कोई खास टूट-फूट भी नहीं हुई, जिससे गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद मिल पाती। शुभमन गिल ने इस पिच को अच्छी टेस्ट पिच नहीं बताया। वहीं, टॉम लैथम ने भी माना कि यह बेसिन रिजर्व की पारंपरिक पिच जैसी नहीं थी।
क्राइस्टचर्च में होगा भारत-न्यूजीलैंड के बीच दूसरा और निर्णायक टेस्ट
पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद अब भारत और न्यूजीलैंड की टीमें दूसरे और निर्णायक टेस्ट के लिए क्राइस्टचर्च रवाना होंगी। यह मुकाबला शुक्रवार से शुरू होगा। दोनों टीमों के कप्तानों को उम्मीद है कि क्राइस्टचर्च में पिच पहले टेस्ट की तुलना में अलग होगी। वहां की पिच हरी-भरी और घास से भरी होने की उम्मीद है, जिससे तेज गेंदबाजों और स्विंग गेंदबाजी को मदद मिल सकती है।