
SL vs AUS T20 World Cup Match Result: सोमवार 16 फरवरी को खेले गए ग्रुप-बी के मुकाबले में श्रीलंका ने वर्ल्ड चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हरा दिया। इस हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम का टूर्नामेंट में सफर लगभग खत्म हो चुका है। अब उसकी उम्मीदें जिम्बाब्बे के प्रदर्शन पर टिकी हैं। अगर जिम्बाब्वे मंगलवार को होने वाले मैच में आयरलैंड को हरा देती है, तो ऑस्ट्रेलिया पूरी तरह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
श्रीलंका के पल्लेकल स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी के इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 181 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में श्रीलंका ने 182 रन का टारगेट सिर्फ 18 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
श्रीलंका की जीत के हीरो रहे पथुम निसंका। उन्होंने 52 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 5 छक्के शामिल थे। यह इस टूर्नामेंट का पहला शतक भी रहा। वहीं, कुशल मेंडिस ने भी 38 गेंदों पर 51 रन की अहम पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मार्कस स्टॉयनिस ने 2 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने 56 रन और मिचेल मार्श ने 54 रन बनाए। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई। इनके अलावा जोश इंग्लिश ने 27 और ग्लेन मैक्सवेल ने 22 रन का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से दुष्मांथा चमीरा ने 2 विकेट लिए, जबकि दुषन हेमंथ ने 3 विकेट झटके।
इस जीत के साथ श्रीलंका ने सुपर-8 में जगह पक्की कर ली। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की हालात बेहद खराब है। कंगारुओं को अब ओमान के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीतना होगा। साथ ही उसे उम्मीद करनी होगी कि जिम्बाब्वे अपने दोनों बचे हुए मैच हार जाए। अगर जिम्बाब्वे श्रीलंका और आयरलैंड दोनों से हारता है और ऑस्ट्रेलिया का रन रेट ग्रुप-बी में सबसे बेहतर रहता है, तभी कंगारू टीम सुपर-8 में पहुंच पाएगी। अगर जिम्बाब्वे ने अपने आखिरी दो में से एक भी मैच जीत लिया, तो वह श्रीलंका के साथ सुपर-8 में जगह बना लेगा और ऑस्ट्रेलिया बाहर हो जाएगी।
इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए इटली को 24 रन से हरा दिया। सोमवार को खेले गए इस मुकाबले में जीत दर्ज कर इंग्लैंड ने सुपर-8 की रेस में खुद को बनाए रखा है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए ग्रुप-सी के इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली की टीम 20 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई।
इंग्लैंड की जीत के हीरो रहे विल जैक्स ने 22 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इसी शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनके अलावा टॉम बेंटन ने 30, फिल साल्ट ने 28 और सैम करन ने 25 रन का योगदान दिया।
अफगानिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप के 28वें मुकाबले में यूएई को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। सोमवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिन के पहले मैच में अफगान टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए UAE ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 160 रन बनाए और अफगानिस्तान को 161 रनों का लक्ष्य दिया।
जवाब में अफगानिस्तान की टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अफगानिस्तान की जीत के सबसे बड़े हीरो रहे अजमतउल्ला उमरजई। उन्होंने 4 विकेट लिए। इसके बाद बल्लेबाजी में भी कमाल दिखाया और 21 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाए। उनके इस बेहतरीन ऑलराउंड खेल के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के बाद अफगानिस्तान ग्रुप-डी की पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। वहीं UAE चौथे नंबर पर खिसक गई है। दोनों टीमों के 3 मैचों में 2-2 अंक हैं, लेकिन बेहतर रन रेट की वजह से अफगानिस्तान एक स्थान ऊपर है।