IND vs WI Super 8 Clash: ईडन गार्डन्स में रनों की बारिश तय? भारत-वेस्टइंडी मैच का पूरा विश्लेषण

Published : Mar 01, 2026, 01:18 PM IST
IND vs WI Super 8 Clash: ईडन गार्डन्स में रनों की बारिश तय? भारत-वेस्टइंडी मैच का पूरा विश्लेषण

सार

T20 वर्ल्ड कप के एक बेहद अहम मुकाबले में आज भारत और वेस्टइंडीज़ की टीमें आमने-सामने होंगी. ये एक तरह का वर्चुअल क्वार्टर फाइनल है. इस मैच में जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में जाएगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर टूर्नामेंट में खत्म हो जाएगा.

कोलकाता: T20 वर्ल्ड कप में रविवार को भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच एक बड़ा मुकाबला खेला जाएगा. दोनों टीमों के लिए यह 'करो या मरो' वाला मैच है, जिसे वर्चुअल क्वार्टर फाइनल भी कहा जा रहा है. जो टीम जीतेगी, वो सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी और हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. ग्रुप स्टेज में दोनों ही टीमें एक भी मैच नहीं हारी थीं. लेकिन सुपर-8 राउंड में इन दोनों टीमों को पिछली बार की रनर-अप साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा, जबकि ज़िम्बाब्वे के खिलाफ दोनों ने जीत हासिल की. इस तरह दोनों टीमों के 2-2 अंक हैं. नेट रन रेट के मामले में वेस्टइंडीज़ (+1.791) भारत (-0.100) से काफी आगे है. ऐसे में अगर रविवार का मैच बारिश की वजह से रद्द होता है, तो नेट रन रेट के आधार पर भारत बाहर हो जाएगा और वेस्टइंडीज़ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा.

रनों की बारिश की उम्मीद

इस मैच में रनों की बारिश होने की उम्मीद है. यह मैच उसी पिच पर होना है, जहां टूर्नामेंट की शुरुआत में स्कॉटलैंड ने इटली के खिलाफ 200 रन बनाए थे. उम्मीद है कि यह पिच स्पिनर्स की भी मदद करेगी. दोनों टीमों में एक से बढ़कर एक विस्फोटक बल्लेबाज़ हैं, इसलिए एक बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है.

गेंदबाज़ों को लेकर चिंता

टूर्नामेंट में भारत की बल्लेबाज़ी ज़्यादातर मौकों पर कुछ खास नहीं कर पाई है. लेकिन ज़िम्बाब्वे के खिलाफ टीम में बदलाव करते हुए संजू सैमसन को ओपनिंग में उतारने का फैसला काम कर गया. इसलिए पूरी संभावना है कि वेस्टइंडीज़ के खिलाफ भी टीम उसी बैटिंग ऑर्डर के साथ उतरेगी. लेकिन टीम इंडिया के लिए गेंदबाज़ों का प्रदर्शन चिंता का विषय है. दुनिया के नंबर 1 गेंदबाज़ वरुण चक्रवर्ती काफी महंगे साबित हो रहे हैं. अब देखना यह है कि इस मैच में उन्हें मौका मिलता है या उनकी जगह कुलदीप को खिलाया जाता है. ज़िम्बाब्वे के खिलाफ शिवम दुबे ने 2 ओवर में 46 रन लुटा दिए थे, जिससे टीम की टेंशन और बढ़ गई है.

दूसरी तरफ, वेस्टइंडीज़ की टीम में हेटमायर, रोमारियो शेफर्ड, रदरफोर्ड और रोवमैन पॉवेल जैसे कई विस्फोटक खिलाड़ी हैं. भारतीय गेंदबाज़ उन्हें रोकने में कितने कामयाब होते हैं, इसी पर मैच का नतीजा काफी हद तक निर्भर करेगा.

मैच: शाम 7 बजे से

1983 के बाद कोलकाता में भारत से नहीं जीती है विंडीज़

वेस्टइंडीज़ की टीम 1983 के बाद से कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर भारत के खिलाफ कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं जीत पाई है. यहां हुए 9 मैचों में भारत ने जीत हासिल की है (जिसमें 4 T20 शामिल हैं), जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे हैं.

साउथ अफ्रीका vs ज़िम्बाब्वे

नई दिल्ली: रविवार को पहले मैच में साउथ अफ्रीका और ज़िम्बाब्वे की टीमें भिड़ेंगी. साउथ अफ्रीका अपने दोनों मैच जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है, जबकि ज़िम्बाब्वे दोनों मैच हारकर बाहर हो चुकी है. इसलिए यह मैच बस एक औपचारिकता है.

मैच: दोपहर 3 बजे से

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Aaj Kiska Match Hai: IPL Match Today 2nd May 2026, आईपीएल में आज किसका मैच, जानिए आज का शेड्यूल
Kal Ka Match Kon Jeeta, 2 May 2026: Who Won Yesterday's IPL Match DC vs RR, जानें 43वें मैच का रिजल्ट, स्कोर, हाइलाइट्स और अवॉर्ड विनर्स