
Vaibhav Sooryavanshi Century: भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपने बल्ले से तहलका मचा दिया है। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया A की ओर से खेलते हुए वैभव ने UAE के खिलाफ महज 28 गेंदों में शतक जड़ दिया। दोहा में खेले गए इस मुकाबले में उनकी तूफानी बल्लेबाजी ने सभी को हैरान कर दिया। इस शतक के साथ ही वैभव ने लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जेक फ्रेजर मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 29 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी।
UAE के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी की शुरुआती दो गेंदों पर कोई रन नहीं बनाया। हालांकि, इसके बाद उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने जाहिद अली के ओवर में लगातार तीन छक्के लगाए। अगले ओवर में एक चौका और दो छक्के जड़ दिए। तीसरे ओवर में भी वैभव ने दो छक्के लगाए और सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सिमरजीत सिंह के ओवर में तीन छक्के लगाकर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा दिया। फिर अगली छह गेंदों में तीन छक्के और दो चौके लगाकर अपना शतक पूरा कर लिया।
वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जेक फ्रेजर मैकगर्क को पीछे छोड़ दिया। मैकगर्क ने तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी। वहीं, साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 गेंदों में शतक जड़ा था। अब वैभव ने इन सभी को पीछे छोड़ते हुए लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बना दिया है।
वैभव सूर्यवंशी: UAE के खिलाफ 28 गेंदों में शतक
जेक फ्रेजर मैकगर्क: तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंदों में शतक
एबी डिविलियर्स: वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 गेंदों में शतक
साकिबुल गनी: अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 32 गेंदों में शतक
ईशान किशन: कर्नाटक के खिलाफ 33 गेंदों में शतक
वैभव सूर्यवंशी इससे पहले भी अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरान कर चुके हैं। IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक लगाया था। इस मुकाबले में उन्होंने 38 गेंदों पर 101 रन की शानदार पारी खेली थी। वैभव ने महज 14 साल की उम्र में IPL में शतक लगाकर इतिहास रचा था। अब राइजिंग स्टार्स एशिया कप में 28 गेंदों में सेंचुरी लगाकर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।