
Vaibhav Sooryavanshi Tata Sierra: कम उम्र में बड़ी सफलता हासिल करना किसे कहते हैं, यह भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी से सीखा जा सकता है। महज 14 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में धमाकेदार शुरुआत करने वाले इस युवा बल्लेबाज की चर्चा अब उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर भी हो रही है। दिवाली के खास मौके पर वैभव के घर एक नया मेहमान आया है। दरअसल, उन्हें इनाम में मिली चमचमाती टाटा सिएरा की डिलीवरी मिल गई है। वैभव सूर्यवंशी अपने परिवार के साथ कार की डिलीवरी लेने शोरूम पहुंचे। इस दौरान उनके पिता संजीव सूर्यवंशी, मां और दोनों भाई भी उनके साथ नजर आए। वैभव ने इस खास मौके की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। दिवाली पर नई कार मिलने की खुशी उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रही है।
बता दें कि टाटा सिएरा वैभव सूर्यवंशी ने अपने पैसों से नहीं खरीदी है, बल्कि उन्हें आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए पुरस्कार के तौर पर दी गई है। वैभव ने इस सीजन में 'सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन' का खिताब अपने नाम किया था। इसी पुरस्कार के तहत उन्हें यह कार मिली है। हालांकि, कार की डिलीवरी के लिए उन्हें कई महीनों तक इंतजार करना पड़ा। आखिरकार दिवाली के मौके पर वैभव को इस नई कार की चाबी मिल गई। उनके परिवार के लिए भी यह पल बेहद खास रहा।
आईपीएल 2026 वैभव सूर्यवंशी के लिए यादगार सीजन रहा। अपनी तूफानी बल्लेबाजी से उन्होंने कई रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने पूरे सीजन में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। इसके अलावा, वैभव ने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए और एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के क्रिस गेल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें क्रिकेट जगत में नई पहचान दिलाई।
आईपीएल में दमदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी को इंटरनेशनल क्रिकेट में भी मौका मिला। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया। वैभव ने अब तक भारत के लिए 10 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम 295 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक लगाए हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 81 रन रहा है। कम उम्र में आईपीएल से लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट तक अपनी छाप छोड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी के लिए यह दिवाली यादगार बन गई है। अब उनकी नई टाटा सिएरा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।