वैभव सूर्यवंशी की 204 रन की पारी से प्रभावित कृष्णमाचारी श्रीकांत ने उन्हें तीनों फॉर्मेट और 2027 वनडे वर्ल्ड कप में मौका देने की मांग की।
Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपनी तूफानी बल्लेबाजी से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ 'एशिया कप राइजिंग स्टार्स' टूर्नामेंट में 15 साल के वैभव ने ऐसी पारी खेली कि क्रिकेट जगत के दिग्गज भी उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए। अब भारत के पूर्व ओपनर और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य कृष्णमाचारी श्रीकांत ने टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं से वैभव को तीनों फॉर्मेट में मौका देने की अपील की है। उन्होंने 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए भी सूर्यवंशी को टीम में लेने की बात कही है।
वैभव को तीनों फॉर्मेट में मिले मौका: श्रीकांत
कृष्णमाचारी श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर वैभव की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। उनका मानना है कि यह युवा खिलाड़ी तीनों फॉर्मेट में खेलने की क्षमता रखता है और अपने दम पर टीम को मैच जिता सकता है।
श्रीकांत ने कहा कि अगर चयनकर्ता उन्हें टेस्ट क्रिकेट में मौका नहीं देना चाहते तो कम से कम 15 सदस्यीय टीम में जरूर शामिल करें।
उन्होंने श्रीलंका के आगामी वनडे दौरे के लिए भी वैभव को भारतीय टीम में जगह देने की मांग की। श्रीकांत ने कहा, "वह तीनों फॉर्मेट का खिलाड़ी है।
अगर आप उसे टेस्ट में नहीं खिलाना चाहते, तो कोई बात नहीं, लेकिन कम से कम उसे 15 सदस्यीय टीम में तो रखें। अब कोई सवाल ही नहीं उठता।
श्रीलंका की टीम वनडे सीरीज के लिए आ रही है, उसे वहां मौका दें। उसे टीम में शामिल करें और श्रीलंका के खिलाफ वनडे खेलने दें।"
2027 वनडे वर्ल्ड कप में भी वैभव को शामिल करने की मांग
श्रीकांत ने वैभव सूर्यवंशी को 2027 वनडे विश्व कप की टीम में शामिल करने की भी वकालत की। उन्होंने कहा कि अगर टीम मैनेजमेंट इस युवा खिलाड़ी को भविष्य के लिए तैयार करना चाहता है तो उसे अभी से बड़े टूर्नामेंट के लिए मौका देना चाहिए।
श्रीकांत के मुताबिक, वैभव में इतनी प्रतिभा है कि वह अपने दम पर भारत को मैच जिता सकते हैं। उन्होंने कहा, "अगर आप सच में सूर्यवंशी को तैयार करना चाहते हैं, तो उसे 2027 विश्व कप में ले जाएं। उसे 15 खिलाड़ियों की टीम में रखें। एक दिन वह अपने दम पर आपको मैच जिताएगा।"
वैभव की बल्लेबाजी में पावर के साथ शानदार टाइमिंग
श्रीकांत ने उन लोगों की राय को भी खारिज किया, जो वैभव की बल्लेबाजी को सिर्फ ताकत यानी पावर हिटिंग से जोड़कर देखते हैं।
उन्होंने कहा कि इतनी शानदार बल्लेबाजी के लिए ताकत के साथ सही टाइमिंग और आत्मविश्वास भी जरूरी है।
उन्होंने वैभव के शांत स्वभाव और आत्मविश्वास की तारीफ करते हुए कहा कि वह मैदान पर बिल्कुल घबराए हुए नजर नहीं आते।
उन्हें अच्छी तरह पता है कि उन्हें क्या करना है। श्रीकांत ने कहा कि यह असाधारण प्रतिभा है और उनकी बल्लेबाजी में टाइमिंग साफ दिखाई देती है।
सचिन-विराट के बाद वैभव को बताया 'क्रिकेट के भगवान का बेटा'
वैभव की प्रतिभा से प्रभावित श्रीकांत ने उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों से की। उन्होंने सचिन को 'क्रिकेट का भगवान' और विराट को 'किंग' बताते हुए वैभव को 'क्रिकेट के भगवान का बेटा' कहा।
श्रीकांत ने चेतावनी दी कि वैभव को बार-बार यह कहकर टीम से दूर रखना कि उन्हें अभी और निखारने की जरूरत है, सही फैसला नहीं होगा। इससे एक बेहतरीन क्रिकेटर की प्रतिभा को नुकसान पहुंच सकता है।
उन्होंने कहा, "पहले क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर आए, फिर 'किंग' विराट कोहली आए और अब यह 'क्रिकेट के भगवान का बेटा' है।
अगर आप इस खिलाड़ी को बढ़ावा नहीं देते और बार-बार यही कहते रहते हैं कि अभी उसे और निखारने की जरूरत है, तो यह गलत है।
इस तरह से तो आप एक बेहतरीन क्रिकेटर को बर्बाद कर देंगे। टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स, कृपया जाग जाइए।"
बता दें कि वैभव ने UAE के खिलाफ महज 53 गेंदों पर 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। उनकी इस विस्फोटक पारी में 28 छक्के और 7 चौके शामिल रहे।