
Aashirwad Suryavanshi: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अपनी बल्लेबाजी से जहां पहले ही क्रिकेट की दुनिया में तूफान मचा चुके हैं, वहीं अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी चर्चा में आ गए हैं। बिहार के समस्तीपुर में खेले गए एक लोकल प्रैक्टिस मैच में आशीर्वाद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना पहला शतक जड़ दिया।
आशीर्वाद सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में शानदार संयम और समझदारी का परिचय दिया। जहां उनके बड़े भाई वैभव अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, वहीं आशीर्वाद ने धैर्य के साथ पारी को आगे बढ़ाया और टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए। उन्होंने 87 गेंदों का सामना करते हुए 103 रन बनाए। उनकी इस शतकीय पारी में 20 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। आशीर्वाद की बल्लेबाजी ने मैच में मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
आशीर्वाद के पहले शतक की जानकारी उनके बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए साझा की। उन्होंने मैच की तस्वीरें, वीडियो और स्कोरकार्ड पोस्ट करते हुए बताया कि आशीर्वाद ने अपने क्रिकेट करियर का पहला शतक पूरा किया है। उज्ज्वल ने अपनी पोस्ट के साथ तीन हार्ट इमोजी भी लगाए, जिससे छोटे भाई की उपलब्धि पर उनकी खुशी साफ नजर आई।
मैच के स्कोरकार्ड के अनुसार आशीर्वाद सूर्यवंशी ने 87 गेंदों पर 103 रन बनाए। उनकी इस बेहतरीन पारी की बदौलत टीम का स्कोर 29.5 ओवर में 234 रन तक पहुंच गया था। आशीर्वाद का विकेट प्रशांत राज ने लिया, जबकि उनका कैच आयुष सिंह ने पकड़ा। हालांकि आउट होने से पहले वह अपनी टीम के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर चुके थे।
आशीर्वाद सूर्यवंशी की शतकीय पारी की तस्वीरें, वीडियो और स्कोरकार्ड सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। क्रिकेट प्रेमी उनकी बल्लेबाजी की तारीफ कर रहे हैं और उन्हें भविष्य का प्रतिभाशाली खिलाड़ी बता रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी की सफलता के बाद अब आशीर्वाद की इस उपलब्धि ने भी क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।
बेटे के पहले शतक के बाद पिता संजीव सूर्यवंशी ने भी सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, "मेरे छोटे बेटे आशीर्वाद सूर्यवंशी ने आज प्रैक्टिस मैच में अपना पहला शतक बनाया है। आप सभी से अनुरोध है कि आशीर्वाद पर भी अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें।" उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी पसंद की जा रही है।
आशीर्वाद सूर्यवंशी की इस शानदार पारी के बाद क्रिकेट जगत में उनकी चर्चा शुरू हो गई है। इससे पहले संजीव सूर्यवंशी एक वीडियो में कह चुके हैं कि वह अपने छोटे बेटे आशीर्वाद को भी अगले दो वर्षों में वैभव सूर्यवंशी की तरह एक बेहतरीन क्रिकेटर बनाना चाहते हैं। ऐसे में आशीर्वाद की यह शतकीय पारी संकेत दे रही है कि सूर्यवंशी परिवार से एक और प्रतिभाशाली क्रिकेटर भविष्य में बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकता है।