
BCCI Rules For Personal Bodyguard: एक तरफ भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है, तो दूसरी ओर स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक नए विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। इंग्लैंड दौरे के दौरान उनके पर्सनल बॉडीगार्ड पर भारतीय पत्रकार के साथ बदसलूकी करने और एक फैन का मोबाइल छीनकर तोड़ने का आरोप लगा है। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह सवाल उठने लगा कि आखिर टीम इंडिया के खिलाड़ी विदेशी दौरे के दौरान अपना निजी बॉडीगार्ड कैसे रख सकते हैं? आइए जानते हैं BCCI के नियम क्या कहते हैं।
जब कोई खिलाड़ी भारतीय टीम के साथ किसी मैच, विदेशी दौरे या BCCI के आधिकारिक कार्यक्रम का हिस्सा होता है, तब उसकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी BCCI और मेजबान क्रिकेट बोर्ड की होती है। टीम होटल, स्टेडियम, यात्रा और प्रैक्टिस सेशन के दौरान खिलाड़ियों को आधिकारिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में खिलाड़ी अपनी मर्जी से निजी बॉडीगार्ड को टीम के आधिकारिक सुरक्षा घेरे में नहीं रख सकते। यदि किसी विशेष परिस्थिति में सुरक्षा की जरूरत होती है, तो इसके लिए BCCI और टीम मैनेजमेंट की मंजूरी जरूरी हो सकती है। हालांकि, जब खिलाड़ी किसी विज्ञापन शूट, निजी कार्यक्रम, पारिवारिक समारोह या व्यक्तिगत यात्रा पर होते हैं, तब वे अपनी जरूरत और खर्च के अनुसार निजी बॉडीगार्ड रख सकते हैं। ऐसे मामलों में BCCI के टीम प्रोटोकॉल लागू नहीं होते।
यह विवाद भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज के दौरान सामने आया। इंग्लैंड में सीरीज कवर कर रहे पत्रकार शुभायन चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि विराट कोहली के कथित बॉडीगार्ड ने एक मीडिया कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार किया। पत्रकार के अनुसार, मीडिया कर्मी टीम के आगमन का वीडियो बना रहा था और उसके पास वैध मीडिया मान्यता भी थी। आरोप है कि विराट कोहली के बस में बैठने के बाद बॉडीगार्ड वहां पहुंचा और पत्रकार को वहां से हटने के लिए कहा। जब पत्रकार ने अपना पहचान पत्र दिखाया, तब भी कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज की गई। इतना ही नहीं, बॉडीगार्ड पर एक फैन का मोबाइल फोन छीनकर तोड़ने का आरोप भी लगाया गया है। इस पूरे मामले के बाद पत्रकार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए BCCI को टैग किया और कार्रवाई की मांग की।
This is Virat Kohli's bodyguard. A media person was standing at his designated area capturing team's departure visuals and was standing with the fans. He had his media accreditation card. After Virat got inside the bus, this bodyguard came towards that media person and started… pic.twitter.com/q1ScmiqPaP
— Subhayan Chakraborty (@CricSubhayan) July 15, 2026
और पढे़ं- Virat Kohli Records: इंग्लैंड के खिलाफ टूट सकते हैं 5 रिकॉर्ड, सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी खतरे में
अब तक BCCI या विराट कोहली की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब देखना होगा की इसपर क्या एक्शन होता है। दूसरी ओर, भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 16 जुलाई को खेला जाएगा। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज में अपनी बढ़त मजबूत करने की कोशिश करेगी।
1. क्या भारतीय क्रिकेटर मैच के दौरान पर्सनल बॉडीगार्ड रख सकते हैं?
आधिकारिक दौरे और मैच के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा BCCI और मेजबान बोर्ड की जिम्मेदारी होती है।
2. विराट कोहली के बॉडीगार्ड पर क्या आरोप लगे हैं?
आरोप है कि उन्होंने एक पत्रकार से अभद्र व्यवहार किया और एक फैन का मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया।
3. क्या BCCI ने इस मामले पर कोई बयान दिया है?
खबर लिखे जाने तक BCCI या विराट कोहली की ओर से इस विवाद पर कोई ऑफिशियल रिएक्शन नहीं आया है।