
हैदराबाद: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एक मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रनों से करारी शिकस्त दी। लेकिन मैच के बाद एक ऐसी घटना हुई, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। आरोप है कि मैच खत्म होने के बाद विराट कोहली ने जानबूझकर सनराइजर्स के खिलाड़ी ट्रैविस हेड से हाथ नहीं मिलाया और उन्हें नज़रअंदाज़ कर दिया। इस घटना पर अब जमकर बहस हो रही है।
RCB और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे। इसी दौरान RCB के स्टार प्लेयर विराट कोहली ने सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस, अभिषेक शर्मा और इशान किशन से तो हाथ मिलाया, लेकिन जैसे ही ट्रैविस हेड ने हाथ आगे बढ़ाया, कोहली उन्हें अनदेखा कर आगे बढ़ गए। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
दरअसल, ट्रैविस हेड को लेकर ये गुस्सा नया नहीं है। इसकी जड़ें 2023 के ICC वनडे वर्ल्ड कप फाइनल से जुड़ी हैं। भारत की मेज़बानी में हुए उस टूर्नामेंट में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया बिना कोई मैच हारे फाइनल में पहुंची थी। लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रैविस हेड ने अकेले 137 रन बनाकर भारत का वर्ल्ड कप जीतने का सपना चकनाचूर कर दिया था। इससे पहले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी हेड ने शतक जड़कर भारत की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया था। माना जा रहा है कि तभी से कोहली जब भी मौका मिलता है, मैदान पर हेड के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते हैं।
IPL के 19वें सीजन के उद्घाटन मैच में भी जब RCB और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने थे, तब ट्रैविस हेड का विकेट गिरने पर विराट कोहली ने ज़ोरदार जश्न मनाया था। वहीं, हैदराबाद में हुए हालिया मैच के दौरान भी हेड और कोहली के बीच दो बार कहासुनी हुई। जब रसिक सलाम धर ने ट्रैविस हेड को क्लीन बोल्ड किया, तो कोहली का एग्रेसिव सेलिब्रेशन देखने लायक था।