
अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत के सामने 338 रन का बड़ा लक्ष्य रखा है। आर्यवीर सहवाग के आउट होने के बाद अब कप्तान लक्ष्य रायचंदानी से उम्मीदें हैं, जिन्होंने सेमीफाइनल में 93 रन की पारी खेलकर भारत को फाइनल में पहुंचाया था।
लक्ष्य ने जूनियर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। 2023-24 के विजय मर्चेंट ट्रॉफी अंडर-16 टूर्नामेंट में उन्होंने सिर्फ 5 मैचों की 7 पारियों में 833 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 2 अर्धशतक निकले। उनका औसत 138.33 का रहा। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें बीसीसीआई के नमन अवॉर्ड्स में जगमोहन डालमिया पुरस्कार भी मिला।
लक्ष्य ने 2025-26 के घरेलू सीजन में उत्तराखंड की ओर से रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया। अपने पहले सीजन में उन्होंने 5 पारियों में 223 रन बनाए। उनका औसत 44.60 रहा। बंगाल के खिलाफ 86 और कर्नाटक के खिलाफ 55 रन की पारियां उनके प्रदर्शन की खास बात रहीं।
मौजूदा एशिया कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ लक्ष्य ने 90 गेंदों पर 93 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल था। भारत ने 228 रन का लक्ष्य 36.5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अब फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ लक्ष्य के सामने एक और बड़ी चुनौती है। भारतीय फैंस चाहेंगे कि कप्तान एक बार फिर बल्ले से कमाल दिखाएं और टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाएं।