
India vs USA T20 Match Results: भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में जीत के साथ आगाज किया है। शनिवार 7 फरवरी को खेले गए अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने अमेरिका (USA) को 29 रनों से शिकस्त दी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाए।
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम की शुरआत बेहद खराब रही और मात्र 13 रन के स्कोर पर उसके तीन विकेट गिर गए। वहीं, पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर महज 132 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने 29 रन से अपना पहला मुकाबला जीत लिया।
बल्लेबाजी के दौरान भारतीय टीम भी शुरुआती झटकों के बाद लड़खड़ा गई थी। एक वक्त पर भारत ने 77 रन के स्कोर पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, एक छोर पर कप्तान सूर्य कुमार यादव डटे रहे और उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में नाबाद 84 रन की पारी खेली। सूर्या ने इस मैच में बतौर कप्तान अपना 8वां अर्धशतक लगाया। इसके साथ ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में कप्तान के रूप में 1000 रन भी पूरे कर लिए।
अमेरिकी टीम के लिए शुभम रंजने और संजय कृष्णमूर्ति ने 37-37 रन बनाए। वहीं मिलिंद कुमार ने 34 रनों की पारी खेली। हालांकि, ये तीनों अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट झटके और अमेरिका की रन गति पर लगाम लगाई।
कप्तान सूर्यकुमार यादव को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत की टीम एक समय 46 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन सूर्या ने पारी संभालते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इस जीत के साथ भारत ग्रुप-A की पॉइंट टेबल में पहले नंबर पर पहुंच गया है। भारत और पाकिस्तान दोनों के पास 2-2 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण भारत टॉप पर है। नीदरलैंड और USA अपना पहला मैच हार चुके हैं, जबकि नामीबिया ने अभी तक कोई मैच नहीं खेला है।
पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में ही हारते-हारते बची। पाकिस्तानियों ने नीदरलैंड्स को हराते हुए किसी तरह 3 विकेट से मुकाबला जीत लिया। दरअसल, पाकिस्तान को आखिरी 2 ओवर में 29 रन की जरूरत थी, तभी फहीम अशरफ की शानदार बल्लेबाजी ने मैच का पासा ही पलट दिया।
मैच के 19वें ओवर में फहीम अशरफ ने तीन छक्के लगाकर पाकिस्तान को जीत के करीब पहुंचा दिया। उन्होंने 11 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए और टीम को 3 विकेट से जीत दिला दी। शानदार प्रदर्शन के लिए फहीम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
18वें ओवर तक नीदरलैंड का पलड़ा भारी था। 19वें ओवर की पहली गेंद पर फहीम ने छक्का लगाया, जबकि दूसरी गेंद पर मैक्स ओडाउड ने उनका आसान कैच टपका दिया। इस जीवनदान के बाद फहीम ने लगातार दो छक्के जड़ मैच पाकिस्तान की झोली में डाल दिया। पाकिस्तान की ओर से ओपनर साहिबजादा फरहान ने 47 रन, जबकि सईम अयूब ने 24 रन बनाए। वहीं, नीदरलैंड्स की ओर से कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। नीदरलैंड की पूरी टीम 19.5 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से सलमान मिर्जा ने सबसे 3 विकेट लिए। नीदरलैंड के 10 में से 9 बल्लेबाज कैच आउट हुए, जबकि कॉलिन एकरमैन अबरार अहमद के हाथों बोल्ड हुए।
टी20 वर्ल्ड कप के एक और मैच में वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंउ को 35 रनों से हरा दिया। इस मुकाबले में कैरेबियाई टीम के गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड ने घातक गेंदबाजी करते हुए हैटट्रिक ली। कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए।
183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के सामने स्कॉटिश बल्लेबाज टिक नहीं सके। स्कॉटलैंड की टीम 18.5 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई। वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड ने हैट्रिक समेत कुल 5 विकेट झटके। उन्होंने 17वें ओवर में माइकल लीस्क (0), मैथ्यू क्रॉस (11) और ओलिवर डैविडसन (0) को आउट कर हैट्रिक पूरी की। इसके बाद उसी ओवर की छठी गेंद पर साफयान शरीफ (0) को भी पवेलियन भेज दिया। शेफर्ड को पावरप्ले में ब्रैंडन मैक्मुलेन (14 रन) का विकेट भी मिला।
इससे पहले वेस्टइंडीज की ओर से शिमरोन हेटमायर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 64 रन बनाए। ओपनर ब्रैंडन किंग ने 35 रन का योगदान दिया। कप्तान रोवमैन पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड ने 24-24 रन बनाए, जिससे वेस्टइंडीज की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही।