
Pak vs Eng T20 Match Result: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैच में मंगलवार 24 फरवरी को इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही इंग्लिश टीम सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम भी बन गई। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 165 रन का लक्ष्य रखा। जबाव में इंग्लैंड ने कप्तान हैरी ब्रूक के तूफानी शतक की बदौलत इंग्लैंड ने आखिरी ओवर में जीत हासिल कर ली। ब्रूक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर फिल साल्ट को शाहीन अफरीदी ने आउट कर दिया। इसके बाद जोस बटलर भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। 35 रन के स्कोर तक बेथेल का विकेट भी गिर गया। उस्मान तारिक ने अपने ओवर की पहली गेंद पर बेंटन को आउट कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया। हालांकि, कप्तान हैरी ब्रूक एक छोर पर टिके रहे। उन्होंने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 12वें ओवर में उस्मान तारिक ने सैम करन को आउट कर इंग्लैंड को पांचवां झटका दिया। करन और ब्रूक के बीच 45 रन की साझेदारी हुई।
इसके बाद विल जैक्स और हैरी ब्रूक ने तेज बल्लेबाजी की। ब्रूक ने 50 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। हालांकि, शतक के फौरन बाद वे आउट हो गए। जब ब्रूक आउट हुए, तब इंग्लैंड को 18 गेंदों में महज 10 रन चाहिए थे। लेकिन अगले ओवर में नवाज ने दो विकेट लेकर मैच रोमांचक मोड़ पर ला दिया। आखिरी ओवर में इंग्लैंड को 3 रन चाहिए थे, जबकि पाकिस्तान को 2 विकेट। जोफ्रा आर्चर ने सलमान मिर्जा की पहली ही गेंद पर चौका मार इंग्लैंड को जीत दिला दी।
इससे पहले, पाकिस्तान की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। तीसरे ओवर में सैम अयूब 14 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान सलमान आगा भी जल्दी पवेलियन लौट गए। पावरप्ले में पाक टीम ने दो विकेट गंवा दिए। हालांकि, साहिबजादा फरहान और बाबर आजम के बीच अच्छी साझेदारी हुई। बाबर ने 24 गेंदों में 25 रन बनाए, लेकिन अपनी पारी को बड़ा नहीं कर सके और 11वें ओवर में आउट हो गए।
14वें ओवर में टीम का स्कोर 100 के पार गया और फरहान ने 37 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 45 गेंदों में 63 रन बनाए। इसके बाद आदिल रशीद ने फखर जमान (25 रन) को आउट किया। 18वें ओवर में पाकिस्तान को उस्मान खान और नवाज के रूप में दो झटके लगे। 19वें ओवर में आर्चर ने आफरीदी को पवेलियन भेजा। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 164 रन बनाए।
सुपर-8 के ग्रुप 2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान शामिल हैं। इंग्लैंड अपने दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गया है। न्यूजीलैंड का एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था, जिससे उसे 1 अंक मिला। पाकिस्तान के भी 2 मैच में 1 अंक हैं। श्रीलंका को अपने पहले मैच में हार मिली थी। पाकिस्तान के पास अब सिर्फ एक मैच बचा है। अगर वह जीत भी जाता है, तो उसके अधिकतम 3 अंक होंगे। वहीं, श्रीलंका और न्यूजीलैंड के पास अभी दो-दो मैच बाकी हैं, जिससे पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है।