
India vs Namibia T20 World Cup Match Results: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मैच में गुरुवार 12 फरवरी को भारत और नामीबिया के बीच मुकाबला खेला गया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए ग्रुप-A के इस मैच में टीम इंडिया ने 93 रन से शानदार जीत दर्ज की। हार्दिक पांड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रनों के अंतर से यह टी20 वर्ल्ड कप में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को 90 रन से हराया था।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में नामीबिया की पूरी टीम 16.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। वरुण चक्रवर्ती ने सिर्फ 2 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट लिए। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट झटके। ईशान किशन की आक्रामक बल्लेबाजी भी जीत की बड़ी वजह रही।
भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने पहले मैच में यूएसए को 29 रन से हराया था। वही, नामीबिया की ये लगातार दूसरी हार है। उसे अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स से 7 विकेट से हार मिली थी।
रन चेज करने उतरी नामीबिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। चौथे ओवर में जान फ्राइलिंक (22 रन) अर्शदीप सिंह का शिकार बने। इसके बाद लॉरेन स्टीनकैंप और जान निकोल लॉफ्टी-ईटन ने 34 रन जोड़े। मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने स्टीनकैंप (29 रन) को आउट कर साझेदारी तोड़ी। उसी ओवर में उन्होंने लॉफ्टी-ईटन (13 रन) और जेजे स्मिट (0 रन) को भी पवेलियन भेज दिया। कप्तान गेरहार्ड इरास्मस (18 रन) अक्षर पटेल का शिकार बने। अक्षर ने मलान क्रूगर (5 रन) को भी आउट किया। जसप्रीत बुमराह ने रूबने ट्रम्पेलमैन (6 रन) को बोल्ड किया। हार्दिक पंड्या ने बर्नार्ड शोल्ट्ज (4 रन) और बेन शिकोंगो (0 रन) को आउट किया। जेन ग्रीन 11 रन बनाकर शिवम दुबे की गेंद पर हिट विकेट हो गए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन बनाए। शुरुआत में संजू सैमसन 8 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 3 छक्के और 1 चौका लगाया। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े। ईशान ने सिर्फ 20 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की। छठे ओवर में जेजे स्मिट के खिलाफ उन्होंने लगातार 4 छक्के लगाकर 28 रन बटोरे। ईशान ने 24 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। कप्तान सूर्यकुमार यादव (12 रन) और तिलक वर्मा (25 रन) बड़ी पारी नहीं खेल सके।
इसके बाद हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने पांचवें विकेट के लिए 81 रन की अहम साझेदारी की। हार्दिक ने 28 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उन्होंने 27 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। शिवम दुबे ने 23 रन बनाए। दोनों बल्लेबाज 19वें ओवर में आउट हुए। उसी ओवर में गेरहार्ड इरास्मस ने अक्षर पटेल (0) को भी आउट किया। आखिरी ओवर में रिंकू सिंह (1 रन) और अर्शदीप सिंह (2 रन) भी आउट हो गए। भारत ने अंतिम दो ओवर में सिर्फ 10 रन बनाए और 5 विकेट गंवाए। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और जेजे स्मिट को एक-एक सफलता मिली।
टी-20 वर्ल्ड कप में इटली ने अपनी पहली जीत दर्ज की। ग्रुप C के मुकाबले में इटली ने नेपाल को 10 विकेट से हराया। 124 रन के लक्ष्य को इटली ने सिर्फ 12.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया।
इटली की जीत में मोस्का ब्रदर्स की शानदार साझेदारी सबसे बड़ी वजह रही। दोनों ओपनर्स ने शतकीय पार्टनरशिप की। जस्टिन मोस्का ने नाबाद 60 रन बनाए, जबकि एंथोनी मोस्का ने नाबाद 62 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाज अंत तक टिके रहे और टीम को आराम से जीत दिलाई।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। नेपाल की टीम 19.3 ओवर में 123 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नेपाल के लिए आरिफ शेख ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 17 रन, रोहित पौडेल ने 23 रन और आसिफ शेख ने 20 रन का योगदान दिया। हालांकि कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
इटली के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया। क्रिशन कालुगामगे ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। बेन मेनेंटी को 2 विकेट मिले। अली हसन, जेजे स्मट्स और जसप्रीत सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किया। इटली की कसी हुई गेंदबाजी के चलते नेपाल बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सका।
टी-20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका ने लगातार दूसरा मैच जीत लिया है। गुरुवार को खेले गए पहले मुकाबले में टीम ने ओमान को 105 रन से हराया। यह टी-20 इंटरनेशनल में रनों के अंतर से श्रीलंका की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में ग्रुप-B का यह मैच खेला गया। ओमान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 225 रन बनाए। टीम की ओर से कुसल मेंडिस ने 61 रन बनाए, पवन रत्नायके ने 60 रन की पारी खेली और कप्तान दासुन शनाका ने 50 रन बनाए। शनाका ने सिर्फ 19 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। यह श्रीलंका के लिए टी-20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक है। ओमान की ओर से जितेन रामानंदी ने 2 विकेट लिए, जबकि जय ओडेदरा और सुफियान महमूद को 1-1 विकेट मिला।
225 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ओमान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 120 रन ही बना सकी। ओमान की ओर से मोहम्मद नदीम ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए। वसीम अली ने 27 रन का योगदान दिया। लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। विनायक शुक्ला और सुफियान महमूद रन आउट हुए, जिससे टीम पर दबाव और बढ़ गया।
श्रीलंका के गेंदबाजों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। दुष्मंथा चमीरा और महीश तीक्षणा ने 2-2 विकेट लिए। दुनिथ वेल्लालागे, दुशन हेमंथा और कमिंडु मेंडिस को 1-1 विकेट मिला। गेंदबाजों के संयुक्त प्रयास से ओमान बड़ा स्कोर नहीं बना सका और श्रीलंका ने मैच आसानी से जीत लिया।