
KKR vs DC Match Results: IPL 2026 के 51वें मैच में शुक्रवार (8 मई) को Delhi Capitals और Kolkata Knight Riders के बीच मुकाबला खेला गया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। KKR को जीत के लिए 143 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने सिर्फ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ कोलकाता लगातार 4 मुकाबले जीत चुकी है।
KKR के फिन एलन इस मुकाबले के सबसे बड़े हीरो रहे। उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। अपनी इस विस्फोटक पारी में फिन एलन ने 10 छक्के और 5 चौके लगाए। उनके साथ कैमरन ग्रीन ने भी अहम योगदान दिया और 33 रन बनाकर नाबाद लौटे। ग्रीन की पारी में दो छक्के शामिल रहे। शानदार शतकीय पारी के लिए फिन एलन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
Aaj Kiska Match Hai: IPL Match Today 9th May 2026, आईपीएल में आज किसका मैच, जानिए आज का शेड्यूल
लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही। कप्तान अजिंक्य रहाणे सिर्फ 13 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी भी सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। जब रघुवंशी आउट हुए तब KKR का स्कोर 31/2 था। इसके बाद फिन एलन और कैमरन ग्रीन ने शानदार साझेदारी करते हुए टीम को आसानी से जीत दिला दी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 8 विकेट पर सिर्फ 142 रन बनाए। दिल्ली की शुरुआत काफी अच्छी रही। केएल राहुल और पथुम निसंका ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। राहुल 23 रन बनाकर कार्तिक त्यागी का शिकार बने। इसके बाद नीतीश राणा भी सिर्फ 8 रन बनाकर चलते बने।
सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों पर 50 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। लेकिन अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद वह आउट हो गए। अनुकूल रॉय ने निसंका का विकेट लिया और फिर ट्रिस्टन स्टब्स को भी बोल्ड कर दिया। एक समय दिल्ली का स्कोर 1 विकेट पर 74 रन था, लेकिन उसके बाद टीम 89/5 तक पहुंच गई।
मिडिल ऑर्डर के जल्दी आउट होने के बाद आशुतोष शर्मा और कप्तान अक्षर पटेल ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी हुई। अक्षर पटेल ने 22 गेंदों पर सिर्फ 11 रन बनाए, जबकि आशुतोष शर्मा ने 28 गेंदों में 39 रन की उपयोगी पारी खेली। आशुतोष ने अपनी पारी में 3 चौके और 3 छक्के लगाए।