
SL vs NZ T20 World Cup Super 8 Match Result: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का मेजबान श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। बुधवार 25 फरवरी को न्यूजीलैंड ने सुपर-8 के अहम मुकाबले में श्रीलंका को 61 रन से करारी शिकस्त दी। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए, जिसे मेजबान टीम चेज नहीं कर सकी।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने एक समय 84 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। टीम बेहद मुश्किल में थी, लेकिन कप्तान मिचेल सैंटनर (47 रन) और कोल मैकॉन्ची (31 रन*) ने 47 गेंदों पर 84 रन की अहम साझेदारी की। यह टी-20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड की ओर से 7वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी है। इनके अलावा रचिन रवीन्द्र ने भी 32 रन का योगदान दिया।
169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहली ही गेंद पर पिछले मैच के शतकवीर पथुम निसंका (0) का विकेट गंवा दिया। उन्हें मैट हेनरी ने बोल्ड कर दिया। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर मैट हेनरी ने चरिथ असलंका (5 रन) को कैच आउट कराकर मेजबान टीम को बैकफुट पर ला दिया।
मिडिल ओवर में रचिन रवींद्र ने श्रीलंका की वापसी की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया। उन्होंने दुशन हेमंता (3 रन), दसुन शनाका (3 रन), कुशल मेंडिस (0) और पवन रत्ननायके (10 रन) के विकेट झटके। श्रीलंका की ओर से कमिंदु मेंडिस ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज खास कमाल नहीं दिखा सके। पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 107 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। रचिन रवींद्र को 32 रन बनाने के साथ ही 4 विकेट लेने की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं। टीम 3 अंकों के साथ सुपर-8 स्टेज में ग्रुप-2 की पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। वहीं, श्रीलंका सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका है। टीम सुपर-8 राउंड के अपने शुरुआती दो मुकाबले हार चुकी है। अब पाकिस्तान के खिलाफ जीत भी उसे सिर्फ 2 अंक ही दिला पाएगी, जो टॉप-4 में पहुंचने के लिए नाकाफी हैं।