
SL vs ZIM T20 World Cup Yesterdays Match Results: टी-20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे ने लगातार दूसरे मुकाबले में एक वर्ल्ड चैंपियन टीम को हराकर बड़ा उलटफेर किया है। गुरुवार को कोलंबो में खेले गए मैच में जिम्बाब्वे ने 2014 की चैंपियन श्रीलंका को 6 विकेट से मात दी। इससे पहले टीम ने 13 फरवरी को 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया था। लगातार दो पूर्व वर्ल्ड चैंपियन टीमों को हराकर जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
श्रीलंका ने पहले खेलते हुए 178 रन बनाए। जवाब में 179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। ओपनर ब्रायन बेनेट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों पर नाबाद 63 रन बनाए। उन्होंने 8 चौके लगाए और महीश तीक्षणा की गेंद पर चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई। कप्तान सिकंदर रजा ने 45 रन की अहम पारी खेली, जबकि तदिवानाशे मारुमनी ने 34 रन का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से दशुन हेमंथा ने 2 विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
सुपर-8 चरण में जिम्बाब्वे का पहला मैच 23 फरवरी को मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा। इसके बाद 26 फरवरी को चेन्नई में भारत से मुकाबला खेला जाएगा। जिम्बाब्वे का आखिरी मैच 1 मार्च को दिल्ली में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होगा। फिलहाल जिम्बाब्वे ICC रैंकिंग में 11वें स्थान पर है, लेकिन टीम के मौजूदा प्रदर्शन ने सभी को चौंका दिया है।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान ने अपने अभियान का अंत जीत के साथ किया। गुरुवार को खेले गए आखिरी मुकाबले में टीम ने कनाडा को 82 रन से हराया। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन का मजबूत स्कोर बनाया।
अफगानिस्तान के स्टार बल्लेबाज इब्राहिम जादरान टी-20 वर्ल्ड कप में अपना पहला शतक लगाने से महज 5 रन से चूक गए। उन्होंने 56 गेंदों पर नाबाद 95 रन की शानदार पारी खेली। जादरान ने 4 चौके और 5 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 169.64 रहा। उनकी इस तेज और जिम्मेदार पारी ने टीम को 200 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जादरान के अलावा सेदिकुल्लाह अटल ने 44 रन बनाए और वे सिर्फ 6 रन से अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। रहमानुल्लाह गुरबाज ने भी 30 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत अफगानिस्तान ने मजबूत स्कोर खड़ा किया।
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन ही बना सकी। अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी की और बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया। कनाडा की ओर से जसकरन सिंह ने 3 विकेट लिए, लेकिन उनकी कोशिश टीम को जीत नहीं दिला सकी।
टी-20 वर्ल्ड कप के 37वें मुकाबले में वेस्टइंडीज ने इटली को 42 रन से हरा दिया। यह इस वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की लगातार चौथी जीत है। ग्रुप-सी का यह आखिरी मैच था, जिसे जीतकर टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। गुरुवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 165 रन बनाए और इटली को 166 रन का लक्ष्य दिया।
166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम 18 ओवर में 123 रन पर ऑलआउट हो गई। इटली की ओर से बेन मैनेंटी ने 26 रन बनाए। जेजे स्मट्स ने 24 रन, एंथोनी मोस्का ने 19 रन और ग्रांट स्टीवर्ट ने 12 रन का योगदान दिया। बाकी 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। वेस्टइंडीज की जीत में गेंदबाजों की अहम भूमिका रही। शमार जोसेफ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। मैथ्यू फोर्ड ने 3 विकेट लिए, जबकि गुडाकेश मोती को 2 विकेट मिले। अकील हुसैन ने भी 1 विकेट अपने नाम किया।