
Aus vs Zim T20 World Cup Match Result: टी-20 वर्ल्ड कप में पहला बड़ा उलटफेर देखने को मिला। जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हरा दिया। यह दूसरी बार है, जब जिम्बाब्वे ने टी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को मात दी है। इससे पहले उसने 2007 में लीग राउंड में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। 13 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन उनका ये फैसला गलत साबित हुआ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 169 रन बनाए। ब्रायन बेनेट ने 56 गेंदों पर नाबाद 64 रन की शानदार पारी खेली। यह उनका टी-20 वर्ल्ड कप में पहला और टी-20 इंटरनेशनल में कुल 11वां अर्धशतक है। तादिवानाशे मारुमनी और रयान बर्ल ने 35-35 रन जोड़े। कप्तान सिकंदर रजा ने 13 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मार्कस स्टॉयनिस और कैमरन ग्रीन को 1-1 विकेट मिला।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.3 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट हो गई। मैट रेनशॉ ने 65 रन बनाकर संघर्ष किया, वहीं ग्लेन मैक्सवेल ने 31 रन बनाए। इनके अलावा बाकी बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सके। मार्कस स्टोयनिस (6), ट्रैविस हेड (17) और जोश इंग्लिस (8) जल्दी आउट हो गए। टिम डेविड और कैमरन ग्रीन तो खाता भी नहीं खोल सके।
जिम्बाब्वे की जीत के सबसे बड़े हीरो ब्लेसिंग मुजरबानी बने। उन्होंने 4 विकेट झटके और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनके अलावा इवांस ने 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
ग्रुप-बी की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है। टीम ने 2 मैचों में से 1 में हार झेली है और उसके पास 2 अंक हैं। अब सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए ऑस्ट्रेलिया को अपने अगले मुकाबलों में श्रीलंका और ओमान को हराना होगा। साथ ही उसे उम्मीद करनी होगी कि श्रीलंका और जिम्बाब्वे अपने-अपने एक-एक मैच हार जाएं।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका (USA) ने 13 फरवरी अपनी पहली जीत दर्ज की। ग्रुप-ए के मुकाबले में अमेरिका ने नीदरलैंड को 93 रन से हराया। यह टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नीदरलैंड के खिलाफ अमेरिका की पहली जीत है। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस मैच में नीदरलैंड को जीत के लिए 197 रन का लक्ष्य मिला था। लेकिन टीम 15.5 ओवर में 103 रन पर ही ऑलआउट हो गई। अमेरिका की ओर से हरमीत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। स्कालविक ने 3 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद मोहसिन ने 2 विकेट अपने नाम किए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अमेरिकी टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बनाए। साईतेजा मुक्कामाला ने 79 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान मोनांक पटेल ने 36 रन का योगदान दिया। नीदरलैंड की ओर से बास डी लीड ने 3 विकेट लिए। लोगान वान बीक, फ्रेड क्लासन और काइल क्लीन ने एक-एक विकेट हासिल किया।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 20वें मुकाबले में UAE ने कनाडा को 5 विकेट से हराकर ग्रुप-डी में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ संयुक्त अरब अमीरात की टीम प्वाइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। दिल्ली में खेले गए इस मैच में कनाडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 150 रन बनाए। कनाडा की ओर से हर्ष ठाकेर ने 50 रन, नवनीत धालीवाल ने 34 और श्रेयस मोव्वा ने 21 रन का योगदान दिया। UAE की तरफ से साद बिन जफर ने 3 विकेट लेकर कनाडा की पारी को संभलने नहीं दिया।
151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए UAE ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर मैच जीत लिया। आर्यांश शर्मा ने नाबाद 74 रन की पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। उनके साथ सोहेल खान ने 51 रन बनाए। दोनों की साझेदारी मैच का टर्निंग पॉइंट रही। कनाडा की ओर से जुनैद सिद्दीकी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। एक विकेट मुहम्मद जवादुल्लाह को मिला। इस जीत से UAE को ग्रुप डी में 2 अंक मिले और टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई।